HomeHealth & Fitnessझांसी : 10वीं के छात्र ऋषभ साहू ने 97.33 प्रतिशत अंक प्राप्त...

झांसी : 10वीं के छात्र ऋषभ साहू ने 97.33 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उप्र में हासिल किया तीसरा स्थान

झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी में उल्दन निवासी ऋषभ साहू ने यूपी बोर्ड की 10वीं परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। ऋषभ ने 97.33 प्रतिशत अंक प्राप्त कर न सिर्फ जिला टॉपर बनने का गौरव हासिल किया, बल्कि प्रदेश की टॉप सूची में भी अपनी जगह बनाई है। उनकी इस सफलता से परिवार और पूरे गांव में खुशी का माहौल है। लोगों ने मिठाइयां बांटकर इस उपलब्धि का जश्न मनाया और ऋषभ को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

ऋषभ के पिता मुकेश साहू के अनुसार,ऋषभ ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा लॉर्ड कृष्णा पब्लिक हाईस्कूल से प्राप्त की।बेटे ने शुरू से ही पढ़ाई के प्रति गंभीरता दिखाई और एक निश्चित समय सारिणी बनाकर नियमित अध्ययन किया। ऋषभ ने भी बताया कि उसने रोजाना तय समय तक पढ़ाई करने के साथ कठिन विषयों पर विशेष ध्यान दिया।

ऋषभ ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया, जिन्होंने हर कदम पर उसका मार्गदर्शन किया। उन्होंने बताया कि वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करना चाहते हैं और देश सेवा ही उनका लक्ष्य है।

स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों ने भी ऋषभ की इस उपलब्धि पर गर्व जताया है। उनका कहना है कि ऋषभ शुरू से ही मेधावी छात्र रहा है और कक्षा में हमेशा उत्कृष्ट प्रदर्शन करता था। उसकी सफलता ने न केवल उसके परिवार बल्कि स्कूल का भी मान बढ़ाया है।

गौरतलब है कि झांसी में छात्राओं ने बेहतर प्रदर्शन कर एक बार फिर बाजी मारी है। राज्य की तुलना में झांसी में इस बार 10वीं पास छात्र-छात्राओं का प्रतिशत 90.42 प्रतिशत तथा 12वीं पास छात्र-छात्राओं का प्रतिशत 80.38 प्रतिशत रहा है।

 

 

 

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments