#बस्ती_न्यूज
अमोढ़ा क्षेत्र के राम जानकी मार्ग पर स्थित कोटही माता मंदिर के सामने बिजली के तार वर्षों से बेहद कम ऊंचाई पर लटक रहे हैं। ये तार लगभग आधा दर्जन घरों से जुड़े हैं और मंदिर के ठीक सामने से गुजरते हैं, जिससे किसी भी समय दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। स्थानीय निवासियों और मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को इन लटकते तारों से भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार ये तार इतने नीचे आ जाते हैं कि लोगों के सिर से छूने लगते हैं, जिससे बिजली के झटके लगने का डर बना रहता है। मंदिर के पास मिठाई और अन्य दुकानें भी इन्हीं तारों के नीचे संचालित होती हैं। इससे दुकानदारों और ग्राहकों दोनों के लिए जोखिम बढ़ जाता है। दूर-दराज से आने वाले भक्तों को भी इस स्थिति के कारण असुविधा होती है। रामबाबू, कन्हैया, पप्पू जायसवाल और संतोष सोनी जैसे स्थानीय निवासियों ने बताया कि उन्होंने इस समस्या को लेकर संबंधित विभाग से कई बार शिकायत की है। ग्रामीणों ने तारों को उचित ऊंचाई पर ले जाने की मांग की थी, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। इस संबंध में बिजली विभाग के जेई मो० सफीक ने बताया कि क्षतिग्रस्त बिजली तारों को जल्द ही ठीक करवा दिया जाएगा। इससे लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
अमोढ़ा के कोटही माता मंदिर के सामने लटकते तार:भक्तों-दुकानदारों की जान को खतरा, समाधान की मांग
RELATED ARTICLES












