बहराइच में मोतीपुर थाना क्षेत्र के वेलहन महेशपुर गांव में तालाब से निकलकर एक मगरमच्छ आबादी के बीच पहुंच गया। घर के पीछे मगरमच्छ दिखाई देने से पूरे गांव में दहशत फैल गई। ग्रामीणों का कहना है कि इस वजह से लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गांव निवासी 26 वर्षीय संतराम यादव बुधवार की रात करीब 7:30 बजे बाथरूम के लिए घर से बाहर निकले। टॉर्च की रोशनी डालने पर उसने देखा कि घर के पीछे मगरमच्छ बैठा हुआ है। यह देखते ही उसने शोर मचाया, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों की आवाजाही और शोर-शराबा बढ़ने पर मगरमच्छ वापस तालाब में चला गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत दर्ज कराई। उनका आरोप है कि गांव में मगरमच्छ निकलने की सूचना कई बार वन विभाग को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इस संबंध में रेंजर सुरेंद्र तिवारी से संपर्क किया गया। उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी मिली है और वन विभाग की टीम बुधवार सुबह गांव पहुंचकर स्थिति का जायजा लेगी तथा आवश्यक कार्रवाई करेगी। ग्रामीणों का कहना है कि तालाब से बार-बार मगरमच्छ निकलने के कारण बच्चों और महिलाओं समेत पूरे गांव में भय का माहौल है। लोगों ने वन विभाग से मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़कर अन्य स्थान पर छोड़े जाने की मांग की है।
बहराइच में घर के पीछे बैठा मिला मगरमच्छ:टॉर्च की रोशनी पड़ने पर ग्रामीण के उड़े होश, कई शिकायतों के बाद भी नहीं पहुंचा वन विभाग
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












