पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत हो रही है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और दामाद जेरेड कुशनर इस समय पाकिस्तान में मौजूद है। कल शुक्रवार को जब इन नेताओं का पाकिस्तान में पहुंचने का सिलसिला जारी था उस समय पाकिस्तान ने एक मिलट्री ऑपरेशन की जानकारी सार्वजनिक की। पाकिस्तानी सेना ने बताया कि उत्तर-पश्चिमी प्रांत खैबर पख्तूनख्वा में एक सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसमें करीब 22 आतंकवादी मारे गए हैं।
पाकिस्तानी सेना की मीडिया यूनिट इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) ने एक बयान में कहा कि ऑपरेशन के दौरान, ‘फितना-अल-ख्वारिज’ से जुड़े22 आतंकवादी मारे गए। ‘फितना-अल-ख्वारिज’ शब्द का इस्तेमाल पाकिस्तानी सरकार प्रतिबंधित संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के लिए करती है।
यह भी पढ़ें: अमेरिका से सीधे बात नहीं करेगा ईरान, अराघची इस्लामाबाद में मौजूद
10 साल के बच्चे की भी हुई मौत
पाकिस्तानी सेना ने अपने बयान में कहा, ‘आतंकवादियों ने अंधाधुंध गोलीबारी की, जिसमें 10 साल के एक बच्चे की मौत हो गई।’ इसके साथ ही सेना ने आगे कहा कि इलाके में बचे हुए आतंकवादी को खत्म करने के लिए तलाशी अभियान जारी है। इसके साथ ही सेना ने बताया कि आंतकवादियों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। सेना ने कहा कि पाकिस्तान के सुरक्षा बल आंतकवाद को मिटाने के लिए पूरी स्पीड से काम करते रहेंगे।
पीएम और राष्ट्रपति ने की तारीफ
राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने खैबर में सफल अभियान के लिए सुरक्षाबलों की तारीफ की है। दोनों नेताओं ने आतंकवादियों की ओर से की गई गोलीबारी में मारे गए 10 साल के बच्चे की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। रेडियो पाकिस्तान की रिपोर्ट के मुताबिक, पाक राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने कहा कि जहां एक ओर पाकिस्तान क्षेत्रीय और वैश्विक शांति के लिए प्रयास जारी रखे हुए है, वहीं आतंकवादी इन प्रयासों को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: मीटिंग होने वाली है पर उसके पहले अमेरिका ने चीनी कंपनियों पर लगा दिया बैन
2025 में बढ़ी हिंसा
पाकिस्तान में आए दिन आतंकवादी हमलों की घटनाएं सामने आती रहती हैं। पाकिस्तान की राजधानी में स्थित ‘पाक इंस्टीट्यूट फॉर पीस स्टडीज’ की एक रिपोर्ट के अनुसार, 2025 में आतंकवादी हिंसा में भारी बढ़ोतरी हुई है। रिपोर्ट के अनुसार, आतंकवादियों की रिकॉर्ड संख्या में मौतें होने के बावजूद पाकिस्तान में 2025 में आतंकवादी हिंसा में भारी बढ़ोतरी देखी गई है।












