घायलों का जाना हालचाल, बेहतर इलाज और आर्थिक सहायता दिलाने का दिया आश्वासन
रिपोर्ट: विनय कुमार गुप्ता
महाराजगंज, 25 अप्रैल। जनपद के सेमरा ग्राम सभा से नेपाल के प्यूठान जिले में धार्मिक यात्रा पर गए श्रद्धालुओं से भरी बस 23 अप्रैल को दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इस दर्दनाक हादसे में एक महिला और एक बच्ची की मृत्यु हो गई थी, जबकि कई यात्री घायल हो गए थे। घायलों को प्रशासन की मदद से तत्काल गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार कराया गया।
हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य में सक्रिय भूमिका निभाई। घटना की जानकारी मिलते ही सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया गोरखपुर मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से वार्ता कर घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
शनिवार को विधायक जय मंगल कन्नौजिया सेमरा राजा गांव पहुंचे, जहां उन्होंने हादसे में मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद है और पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। विधायक ने पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।
इस दौरान विधायक ने उन घायलों से भी मुलाकात की, जो उपचार के बाद अपने घर लौट आए हैं। उन्होंने प्रीति, शिवांश, अंकित, नरेश और सल्हंता देवी सहित अन्य घायलों का हालचाल जाना और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। हादसे में घायल कोटेदार अरविंद की कमर में गंभीर चोट आई है। बताया गया कि दुर्घटना के दौरान बस का पहिया उनके ऊपर चढ़ गया था। विधायक ने जिला चिकित्सालय के चिकित्सक से वार्ता कर अरविंद के उपचार की समुचित व्यवस्था कराने की बात कही।
विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने कहा कि सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। घायलों के बेहतर उपचार और मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता दिलाने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों से लगातार संपर्क किया जा रहा है। जरूरत पड़ने पर आगे भी हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
गांव में विधायक के पहुंचने पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। इस दौरान माहौल गमगीन रहा और लोग हादसे को लेकर स्तब्ध नजर आए। इस अवसर पर वरिष्ठ नेता एवं व्यवसायी मानवेंद्र सिंह, ओम प्रकाश कुशवाहा, राकेश अग्रहरी, राजेंद्र प्रजापति, पूर्व प्रधान अजय पटेल, प्रमोद मौर्य, विनय चौधरी आदि लोग मौजूद रहे।
नेपाल बस हादसा: विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने मृतकों के परिजनों से मिलकर बंधाया ढांढस
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












