लखनऊ । राजधानी के ठाकुरगंज थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर कमरे पर बुलाकर दुष्कर्म कराने के आरोप में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, 26 अप्रैल को पीड़िता की मां ने तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि एक महिला ने उसकी नाबालिग बेटी को अपने कमरे पर बुलाया और एक युवक को भी वहां बुलाकर दुष्कर्म कराया। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
शिकायत के आधार पर थाना ठाकुरगंज में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी महिला समीरा उर्फ सहरीन को 27 अप्रैल को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी महिला को न्यायालय में पेश कर दिया है। वहीं, मामले में नामजद दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई है।












