श्रावस्ती के राम उजागर सरदार वल्लभभाई पटेल मेमोरियल इंटर कॉलेज, भारी गांव सोनवा में एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर सेवानिवृत्त शिक्षक प्रेम सागर वर्मा ने यूपी बोर्ड परीक्षा 2024 में जिला मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। उन्हें पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। इंटरमीडिएट परीक्षा में खुशी श्रीवास्तव ने 451 अंक प्राप्त कर जिले में प्रथम स्थान हासिल किया। उन्हें 10 हजार रुपये नकद और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। खुशी मूल रूप से इकौना की निवासी हैं। उनके पिता शिक्षक हैं और माता गृहणी हैं। खुशी डॉक्टर बनने का सपना देखती हैं और अपनी पढ़ाई के लिए घर से दूर रहकर अध्ययन कर रही थीं। इसी क्रम में, नेहा सिंह यादव को 444 अंकों के साथ जिले में पांचवां स्थान प्राप्त करने पर 500 रुपये और प्रशस्ति पत्र दिए गए। अंशिका यादव ने 441 अंक प्राप्त कर सातवां स्थान हासिल किया, उन्हें भी 500 रुपये और प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया। हाईस्कूल स्तर पर, विद्यालय के छात्र विनोद कुमार यादव ने 557 अंक प्राप्त कर जिले की मेरिट सूची में नौवां स्थान बनाया। उन्हें भी 500 रुपये नकद और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त शिक्षक प्रेम सागर वर्मा ने घोषणा की कि वे जिले में इंटरमीडिएट और हाईस्कूल दोनों स्तरों पर प्रथम से दसवें स्थान तक मेरिट में आने वाले सभी छात्र-छात्राओं को उनके विद्यालयों में जाकर सम्मानित करेंगे। इस पहल की शुरुआत भारी गांव स्थित इसी विद्यालय से की गई है। कार्यक्रम में शिक्षक वीरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि विद्यालय विद्यार्थियों की छोटी-छोटी कमियों पर विशेष ध्यान देता है। उनका प्रयास है कि इन कमियों को दूर कर छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार किया जा सके, ताकि वे बेहतर परिणाम हासिल कर जिले और विद्यालय का नाम रोशन करें।
श्रावस्ती में सेवानिवृत्त शिक्षक ने मेधावियों का किया सम्मान:यूपी बोर्ड परीक्षा में जिला मेरिट में स्थान पाने पर बांटे पुरस्कार
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












