शोहरतगढ़ तहसील क्षेत्र में जनगणना 2027 की तैयारियों के तहत प्रगणकों और पर्यवेक्षकों के दूसरे चरण का प्रशिक्षण बुधवार, 29 अप्रैल 2026 को संपन्न हो गया। यह प्रशिक्षण शिवपति इंटर कॉलेज और सेठराम कुमार बालिका इंटर कॉलेज में आयोजित किया गया था। प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण उपजिलाधिकारी विवेकानंद मिश्र, तहसीलदार प्रकाश सिंह यादव, नायब तहसीलदार महबूब अंसारी, खंड शिक्षा अधिकारी शोहरतगढ़ संजय कुमार और खंड शिक्षा अधिकारी बढ़नी अरुण कुमार ने किया। उनके साथ शिवपति इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य विक्रम प्रसाद यादव और सेठ राम कुमार खेतन बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य अंजू मिश्रा भी मौजूद थीं। अधिकारियों ने दोनों प्रशिक्षण केंद्रों पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने प्रशिक्षण सामग्री, प्रगणकों की उपस्थिति और प्रशिक्षण की गुणवत्ता का बारीकी से मूल्यांकन किया। इस दौरान ट्रेनर विमल राय, अनिल कुमार उपाध्याय, रमेश कुमार यादव, ओमप्रकाश जायसवाल, शिवकुमार और अखिलेश कुमार भी उपस्थित रहे। उपजिलाधिकारी विवेकानंद मिश्र ने इस अवसर पर कहा कि जनगणना सरकार की नीतियों और विकास योजनाओं का आधार होती है। उन्होंने सभी प्रगणकों को ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ आंकड़े एकत्र करने का निर्देश दिया, ताकि कोई भी घर छूटने न पाए। प्रशिक्षण प्राप्त करने वालों में निसार अहमद, अजय भारती, शौकत अली, सविता शुक्ला, सुशील कुमार सिंह, फजलुर रहमान, अमित कुमार, वीनू त्रिपाठी और विमला कुमारी सहित कई शिक्षक और कर्मचारी शामिल हैं। जनगणना अधिकारियों के अनुसार, शिवपति इंटर कॉलेज में 144 और सेठ राम कुमार खेतन बालिका इंटर कॉलेज में 98 प्रगणकों को प्रशिक्षित किया जाना है, जिनमें शिक्षक और स्थानीय कर्मी शामिल हैं। प्रशिक्षण के दौरान प्रगणकों को मोबाइल ऐप के उपयोग का व्यावहारिक अभ्यास कराया जा रहा है। पहले चरण में उन्हें मकान सूचीकरण और मकान गणना की बारीकियां सिखाई जा रही हैं। प्रशासन ने बताया कि दोनों कॉलेजों में पर्याप्त बैठने की व्यवस्था, प्रोजेक्टर और आवश्यक स्टेशनरी उपलब्ध कराई गई है। यह प्रशिक्षण प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित किया जा रहा है और अगले माह तक जारी रहने की उम्मीद है। अधिकारियों ने सभी प्रगणकों को नियमित रूप से प्रशिक्षण में शामिल होने और गंभीरतापूर्वक सीखने के निर्देश दिए हैं, ताकि 2027 की जनगणना त्रुटिहीन ढंग से पूरी की जा सके।
जनगणना 2027 की तैयारी तेज़:शोहरतगढ़ तहसील में दूसरे चरण का प्रशिक्षण समाप्त
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












