HomeHealth & Fitnessस्मार्ट मीटर बने ‘स्मार्ट संकट’: महंगाई के बीच जनता पर नई मार,सपा...

स्मार्ट मीटर बने ‘स्मार्ट संकट’: महंगाई के बीच जनता पर नई मार,सपा नेता का तीखा हमला

गाजियाबाद। एक ओर जहां आम जनता पहले से ही बढ़ती महंगाई की मार झेल रही है, वहीं दूसरी ओर सरकार द्वारा लगाए गए स्मार्ट मीटर अब लोगों के लिए नई मुसीबत बनते जा रहे हैं। समाजवादी पार्टी के नेता सिकंदर यादव ने स्मार्ट मीटर व्यवस्था पर तीखा हमला बोलते हुए इसे ‘जनता के लिए नासूर’ करार दिया है।

उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर लागू होने के बाद उपभोक्ताओं की परेशानियां लगातार बढ़ी हैं। हर उपभोक्ता को दिन में कई बार अपना बैलेंस चेक करना पड़ रहा है, क्योंकि कब बिजली कट जाए, इसका कोई भरोसा नहीं है। स्थिति यह है कि लोग रात में बैलेंस देखकर सोते हैं, लेकिन सुबह उठते ही बिजली गुल मिलती है।

सिकंदर यादव के अनुसार, कई उपभोक्ताओं ने शिकायत की है कि रिचार्ज करने के बावजूद बिजली कनेक्शन तुरंत चालू नहीं होता। कभी सर्वर डाउन रहता है तो कभी नेटवर्क की धीमी गति के कारण सिस्टम सही तरीके से काम नहीं करता। इससे भीषण गर्मी में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सबसे बड़ी चिंता का विषय बिजली बिल में अचानक बढ़ोतरी है। जिन उपभोक्ताओं का औसत मासिक बिल पहले करीब 5 हजार रुपये आता था, वही स्मार्ट मीटर लगने के बाद 8 से 9 हजार रुपये तक पहुंच गया है। लोगों को समझ नहीं आ रहा कि आखिर यह बढ़ोतरी किस आधार पर हो रही है।

तकनीकी विशेषज्ञों का भी मानना है कि स्मार्ट मीटर सिस्टम में कई खामियां हैं। ये मीटर हर आधे घंटे में डेटा सर्वर पर भेजते हैं, जिससे नेटवर्क पर निर्भरता बढ़ जाती है। नेटवर्क या सर्वर में जरा सी गड़बड़ी होते ही उपभोक्ताओं को सीधा नुकसान उठाना पड़ता है। इसके अलावा प्राइवेसी को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। बिजली खपत के आंकड़ों से घर में मौजूद लोगों की संख्या और गतिविधियों का अंदाजा लगाया जा सकता है, जिससे डेटा सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। कुछ लोगों ने रेडिएशन को लेकर भी चिंता जताई है।

सपा नेता ने सरकार से मांग की है कि जनहित को देखते हुए स्मार्ट मीटर व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से बंद किया जाए और पुराने मीटरों को बहाल कर आम जनता को राहत दी जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो जनता में आक्रोश और बढ़ सकता है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments