संत कबीर नगर, राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में प्रत्येक जिलों में नौ मई को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है। जनपद न्यायाधीश रणधीर सिंह के निर्देशन में मंगलवार को मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के पीठासीन अधिकारी अजय कुमार श्रीवास्तव ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव व न्यायिक अधिकारी सुनील कुमार सिंह के साथ बैठक आयोजित किया।
उन्होंने कहा कि मोटर दुर्घटना वादों के ऐसे मामले जो सुलह समझौते के आधार निस्तारित हो सकते हैं, उनको चिन्हित करके आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत में लगाया जा रहा है। अधिक से अधिक निस्तारण हेतु पक्षकारों को नौ मई को उपस्थित होने के बावत नोटिस तामिला कराई जा रही है। पीठासीन अधिकारी ने पक्षकारों एवं अधिवक्ताओं से अपील किया है कि राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण करवाने का प्रयास करें। राष्ट्रीय लोक अदालत में सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण समाधान का सबसे बेहतर विकल्प माना जाता है। इस दौरान चीफ डिफेंस काउंसिल अन्जय कुमार श्रीवास्तव व अन्य लोग मौजूद रहे।












