सिद्धार्थनगर में पुलिस प्रशासन महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर सतर्क है। गुरुवार को एंटी रोमियो स्क्वाड टीम ने थाना मोहाना क्षेत्र के बर्डपुर, ककरहवा बॉर्डर समेत विभिन्न स्कूल-कॉलेजों, कोचिंग सेंटरों और भीड़भाड़ वाले बाजारों में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान मनचलों और शोहदों पर शिकंजा कसने का प्रयास किया गया। प्रभारी एंटी रोमियो स्क्वाड, उपनिरीक्षक मीरा चौहान के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। पुलिस टीम ने स्कूलों में पहुंचकर छात्र-छात्राओं को महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया। बच्चों को गुड टच और बैड टच के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। अभियान के दौरान छात्राओं और महिलाओं को उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की भी जानकारी दी गई। इनमें 1090 महिला हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 112 आपातकालीन सेवा, 181 महिला सहायता, 1930 साइबर हेल्पलाइन, 108 एम्बुलेंस सेवा और 102 स्वास्थ्य सेवा शामिल हैं। पुलिस टीम ने बताया कि ये सुविधाएं आम जनता की सुरक्षा और सहायता के लिए चौबीस घंटे उपलब्ध हैं। एंटी रोमियो टीम ने स्कूल-कॉलेजों और कोचिंग सेंटरों के आसपास के क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी। मुख्य सड़कों, बाजारों और चौराहों पर चेकिंग के दौरान कई स्थानों पर खड़े युवकों से पूछताछ की गई। उन्हें अनावश्यक भीड़ लगाने तथा महिलाओं और छात्राओं को परेशान न करने की चेतावनी भी दी गई। पुलिस टीम ने बॉर्डर क्षेत्रों में मौजूद महिला दुकानदारों से भी बातचीत की। इसका उद्देश्य यह जानना था कि कहीं कोई व्यक्ति लगातार संदिग्ध तरीके से घूमता या महिलाओं को परेशान तो नहीं करता है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य से लगातार स्कूलों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस की सक्रियता से छात्राओं और महिलाओं में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है, वहीं मनचलों में भी पुलिस कार्रवाई का डर दिखाई दे रहा है। अभियान में महिला आरक्षी नेहा सिंह भी मौजूद रहीं। चेकिंग और जागरूकता कार्यक्रम के दौरान कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
एंटी रोमियो स्क्वाड ने स्कूल-कॉलेजों, बॉर्डर पर की चेकिंग:सिद्धार्थनगर में छात्राओं को सुरक्षा का अहसास कराया, हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












