गुरुवार दोपहर राप्ती नदी में नहाने गए पांच किशोर गहरे पानी में डूब गए। इनमें से तीन को स्थानीय गोताखोरों ने गंभीर हालत में बचा लिया, जिन्हें जिला अस्पताल भिनगा में भर्ती कराया गया है। हालांकि, दो किशोरों का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। यह घटना भकला पुल के पास हुई। घटना के बाद लगातार रेस्क्यू अभियान संचालन न होने का आरोप लगाते हुए लोगों ने भकला पुल के पास सड़क जाम कर दिया, जिससे यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। प्रशासन ने लापता किशोरों की तलाश तेज करने का आश्वासन भी दिया है। जानकारी के अनुसार, थाना गिलौला क्षेत्र के घोरमा परसिया गांव निवासी पप्पू जायसवाल के यहां शादी समारोह था। इसमें दूर-दराज से रिश्तेदार आए हुए थे। इन्हीं रिश्तेदारों में अभिषेक (16) निवासी घोरमा परसिया, राहुल (16) निवासी मरौचा (बहराइच), विनय (22) निवासी भगवानपुर करनैलगंज (गोंडा), प्रेम प्रकाश (16) निवासी मरौचा (बहराइच) और अभि (15) निवासी घोरमा परसिया शामिल थे। ये सभी बहराइच-भिनगा मार्ग पर स्थित भकला पुल के पास राप्ती नदी में नहाने गए थे। नहाते समय सभी किशोर अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। सूचना मिलते ही स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद अभिषेक, राहुल और विनय को नदी से बाहर निकाला गया। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल भिनगा ले जाया गया, प्रेम प्रकाश और अभि की तलाश अभी भी जारी है।
राप्ती नदी में 5 किशोर डूबे, 2 अब भी लापता:लगातार रेस्क्यू न होने से नाराज लोगों ने सड़क जाम की, प्रशासन ने समझाकर हटवाया
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












