कोलकाता। भारतीय जनता पार्टी विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद भावी मुख्यमंत्री के नेतृत्व में भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने लोकभवन में राज्यपाल से मुलाकात की और सरकार बनाने का दावा पेश किया। शुक्रवार की शाम राज्यपाल आरएन रवि को भाजपा विधायकों के हस्ताक्षरयुक्त समर्थन पत्र सौंपे गए।
भाजपा प्रतिनिधि मंडल में शुभेंदु अधिकारी के साथ प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य, केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार, भाजपा सांसद शांतनु ठाकुर, पूर्व सांसद लाकेट चटर्जी, विधायक दिलीप घोष एवं तापस राय तथा उड़ीसा के मुख्यमंत्री मोहन चारण माझी मौजूद थेl
शनिवार को ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शुभेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। आज ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उन्हें भाजपा विधायक दल का नेता घोषित किया। शुक्रवार शाम लोक भवन पहुंचकर भाजपा के नवनिर्वाचित विधायकों ने राज्यपाल को समर्थन पत्र सौंपा।
अमित शाह और मोहन चारण माझी की मौजूदगी में शुक्रवार को विश्व बंगला कन्वेंशन सेंटर में भाजपा के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक हुई। बैठक में सर्वसम्मति से शुभेंदु अधिकारी को विधायक दल का नेता और मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार चुना गया।
इससे पहले गुरुवार को लोक भवन की ओर से पश्चिम बंगाल की सत्रहवीं विधानसभा भंग करने की अधिसूचना जारी की गई थी। राज्यपाल आरएन रवि के कार्यालय की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया कि 7 मई से विधानसभा भंग करने का आदेश प्रभावी हो गया है।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार विधानसभा भंग होने के साथ ही मौजूदा सरकार भी प्रभावी रूप से समाप्त मानी जा रही है।
भाजपा विधायकों के समर्थन पत्र सौंपने के बाद अब संवैधानिक प्रक्रिया के तहत शनिवार को राज्यपाल नई भाजपा सरकार को शपथ दिलाएंगे।












