गोरखपुर। सोशल मीडिया के जरिए जातीय तनाव फैलाने और शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वाले 8 आरोपियों को कैंट पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक काले रंग की थार और एक सफेद फॉर्च्यूनर भी बरामद कर दोनों वाहनों का चालान किया है।
पुलिस के अनुसार, यह मामला उस समय सामने आया जब आरोपियों द्वारा इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट कर जातीय संघर्ष को भड़काने और समाज में वैमनस्यता फैलाने का प्रयास किया गया। इस संबंध में थाना कैंट में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई।
जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी अमन यादव उर्फ मक्कू यादव हाल ही में 6 मई 2026 को जेल से रिहा हुआ था। उस पर पूर्व में गोलीकांड के एक मामले में भी कार्रवाई हो चुकी है। आरोप है कि रिहाई के बाद उसने अपने साथियों के साथ मिलकर वादी पर सुलह का दबाव बनाया और धमकी दी। इसी दौरान सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो वायरल किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में अनुराग अग्रहरी, अन्नी कनौजिया, अमन यादव, साहिल निषाद, राहुल राज, सक्षम राव, अमित यादव और प्रभास यादव शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, इनमें से कुछ आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है।
पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही सोशल मीडिया पर भड़काऊ और आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने वालों पर सख्त नजर रखी जा रही है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करें और किसी भी प्रकार की भड़काऊ सामग्री साझा करने से बचें, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।
#उत्तरप्रदेश #उत्तरप्रदेशन्यूज़ #यूपीन्यूज़ #UPNews #UttarPradeshNews #HindiNews #BreakingNews #आजकीखबर #ताज़ाखबर #यूपीसमाचार













