बिजनेस मैन संजय कपूर की मौत के बाद उनकी 30,000 करोड़ रुपये की संपत्ति को लेकर घर में कलह मची है। सुप्रीम कोर्ट में इस मामले की सुनवाई चल रही है। यह विवाद इस कदर उलझा है कि सुप्रीम कोर्ट के जज को यह तक कहना पड़ा है कि इस घरेलू झगड़े के आगे, महाभारत की लड़ाई भी छोटी लग रही है।
जस्टिस जे बी पादरीवाला ने कोर्ट की सुनवाई के दौरान कहा कि महाभारत की लड़ाई की तुलना अगर इस विवाद से की जाए तो वह भी बहुत छोटी लगेगी। अब सु्प्रीम कोर्ट में संजय कपूर की मां रानी कपूर ने एक याचिका दायर की है। रानी कपूर की मांग है कि आरके फैमिली ट्रस्ट के फैसलों पर तत्काल रोक लगे। पूर्व मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ की अगुवाई में इसकी मध्यस्थता हो रही थी, जिसका फैसला अभी तक लंबित है।
यह भी पढ़ें: संजय कपूर के बैंक अकाउंट हुए फ्रीज, कोर्ट ने करिश्मा के बच्चों को दी राहत
कब का है फैसला?
हिंदुस्तान टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक 12 मई को जस्टिस जे बी पादरीवाला इस केस की सुनवाई कर रहे थे। रानी कपूर ने याचिका दायर की थी। यह विवाद, आरके फैमिली ट्रस्ट और परिवार के अन्य सदस्यों के विरासत से जुड़े वालों से संबंधित है। जस्टिस जे बी पादरीवाला ने कहा, ‘हम एक एरिना में उतर आए हैं। महाभारत बहुत छोटा नजर आएगा। हम इसके बारे में देखेंगे।’ रानी कपूर के वकीलों ने नए आरोप लगाए हैं, जिसमें ट्रस्ट और कंपनी बोर्ड की मीटिंग पर सवाल उठाए गए हैं।
किस मुद्दे पर कपूर फैमिली भिड़ गई है?
जून 2025 में संजय कपूर की मौत हो गई थी। उनकी मां रानी कपूर और तीसरी पत्नी प्रिया सचदेव कपूर के बीच विरासत की जंग छिड़ी है। रानी कपूर का आरोप है कि उनके बेटे संजय कपूर और प्रिया ने मिलकर ‘आरके फैमिली ट्रस्ट’ बनाया था। धोखे से उनसे अधिकार छीन लिए गए। रानी कपूर का दावा है कि ट्रस्ट के दस्तावेज फर्जी हैं और उन्हें कभी इनकी जानकारी नहीं दी गई। इस बीच संजय की पहली पत्नी करिश्मा कपूर के बच्चे समायरा और कियान भी संपत्ति में हिस्सेदारी की मांग कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: ‘लड़ाई की उम्र नहीं’, संजय कपूर संपत्ति विवाद में मां रानी को SC की सलाह
इस मामले में अब तक क्या हुआ है?
सुप्रीम कोर्ट ने 7 मई को पूर्व CJI डीवाई चंद्रचूड़ को मध्यस्थ नियुक्त कर विवाद को सुलझाने की कोशिश की थी। कुछ दिन बाद रानी कपूर ने नई अर्जी दायर कर प्रिया सचदेव पर जबरन मामले को हड़पने का आरोप लगाया। उन्होंने 18 मई को होने वाली बोर्ड मीटिंग पर रोक लगाने की मांग की है। अदालत ने पूरे केस को महाभारत बाते हुए कहा है कि यह परिवार का झगड़ा है, इसे परिवार के भीतर सुलझाना चाहिए। 14 मई को इस केस की सुनवाई होगी।












