कौशाम्बी। जिले के मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी ने मंगलवार को विकास खंड सिराथू की ग्राम पंचायत गम्भीरा पूरब का स्थलीय निरीक्षण कर विकास कार्यों की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जल जीवन मिशन, मॉडल तालाब तथा सिंचाई व्यवस्था का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्मित पानी की टंकी एवं उससे संचालित पेयजल व्यवस्था का गहन अवलोकन किया। ग्रामवासियों ने उन्हें बताया कि पानी की टंकी भरने में करीब सात घंटे का समय लग जाता है, जिसके कारण गांव के लगभग 40 प्रतिशत घरों तक नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं हो पा रही है। कम प्रेशर एवं विलंब से टंकी भरने के चलते लोगों को दैनिक उपयोग के लिए पानी की समस्या झेलनी पड़ रही है।
ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने अधिशासी अभियंता जल निगम को निर्देशित किया कि पेयजल आपूर्ति लाइन एवं प्रेशर की तत्काल तकनीकी जांच कराई जाए और समस्या का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि प्रत्येक घर तक सुचारु रूप से पानी पहुंच सके।इसके बाद उन्होंने ग्राम पंचायत स्थित मॉडल तालाब का निरीक्षण किया। इस दौरान जिला पंचायत राज अधिकारी, खंड विकास अधिकारी सिराथू तथा सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) को निर्देश दिए कि तालाब की विधिवत पैमाइश कराकर उसका वास्तविक क्षेत्रफल निर्धारित कराया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप तालाब को आदर्श मॉडल तालाब के रूप में विकसित किया जाए। तालाब के सौंदर्यीकरण, साफ-सफाई और जल संरक्षण संबंधी कार्यों को प्राथमिकता पर कराने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने नारा माइनर के अंतिम छोर तक सिंचाई के लिए पानी न पहुंचने की समस्या भी उठाई। किसानों ने बताया कि पानी न मिलने से खेती प्रभावित हो रही है और सिंचाई के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने अधिशासी अभियंता सिंचाई को तत्काल माइनर की जांच कर आवश्यक मरम्मत एवं सफाई कार्य कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि एक सप्ताह के भीतर हेड टू टेल तक पानी पहुंचना सुनिश्चित किया जाए, जिससे किसानों को समय पर सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिल सके।
सीडीओ ने यह भी निर्देश दिए कि अब तक टेल तक पानी न पहुंच पाने के लिए जिम्मेदार अधिकारी एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाए।निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता जल निगम, जिला पंचायत राज अधिकारी, खंड विकास अधिकारी सिराथू, सहायक विकास अधिकारी तथा सहायक अभियंता लघु सिंचाई सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
गम्भीरा पूरब में सीडीओ का निरीक्षण, पेयजल और सिंचाई व्यवस्था पर सख्त निर्देश
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












