बहराइच जिले के नानपारा तहसील अंतर्गत ग्राम सभा वैबाही क्षेत्र के दूना पुरवा गांव में पिछले छह महीने से इंडिया मार्का हैंडपंप खराब पड़ा है। भीषण गर्मी के कारण ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल के लिए भटकना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि इस क्षेत्र में कई अन्य इंडिया मार्का हैंडपंप भी खराब पड़े हैं, जिससे पानी की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। पीने के पानी के साथ-साथ जानवरों को पानी पिलाने और राहगीरों के लिए भी कोई व्यवस्था नहीं है। गांववालों के अनुसार, हैंडपंप छह महीने से खराब है और इसे अब तक ठीक नहीं कराया गया है। हैंडपंप के आसपास बड़ी-बड़ी घास उग आई है, जिससे उसकी स्थिति और भी खराब दिख रही है। इस संबंध में ग्राम प्रधान श्याम बिहारी से संपर्क किया गया। उन्होंने बताया कि खराब पड़े सभी हैंडपंपों की सूची बनाकर संबंधित विभाग को दे दी गई है। प्रधान ने आश्वासन दिया कि दो-एक दिन में सभी हैंडपंपों को ठीक करा दिया जाएगा। इस समस्या को उठाने वाले ग्रामीणों में सुरेंद्र तिवारी, महेंद्र तिवारी, जीतू महाराज, दीवान महाराज सहित कई अन्य लोग शामिल हैं।
दूना पुरवा में 6 महीने से हैंडपंप खराब:वैबाही क्षेत्र में ग्रामीणों को शुद्ध जल की समस्या
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












