ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए भारत के कई प्रमुख नेताओं को निमंत्रण भेजा गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतीय जनता पार्टी (BJP) के अध्यक्ष नितिन नवीन और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को ईरान सरकार की ओर से आधिकारिक आमंत्रण मिला है। खामेनेई के अंतिम संस्कार से जुड़े कार्यक्रम अगले सप्ताह आयोजित किए जाएंगे।
रिपोर्टों के अनुसार, भारत सरकार की ओर से विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा और बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन भी इस कार्यक्रम में हिस्सा ले सकते हैं। बताया जा रहा है कि 4 जुलाई को तेहरान में आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में दोनों नेता भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। हालांकि, भारत सरकार की ओर से प्रतिनिधिमंडल को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
यह भी पढ़ें: अयातुल्ला खामेनेई के जनाजे में शामिल होगा भारत, ईरान जाएंगे बिहार के राज्यपाल
अयातुल्ला अली खामेनेई की अंतिम विदाई के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद और कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा को न्योता भेजा है। सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस अपने विदेश विभाग के प्रमुख खुर्शीद को भेज सकती है। सूत्रों ने बताया, ‘ईरान की सरकार की तरफ से कांग्रेस अध्यक्ष को आमंत्रित किया गया है। इस कार्यक्रम के लिए कांग्रेस की तरफ से किसी नेता को भेजा जाएगा। संभवत: खुर्शीद को भेजा जाए।’
प्रधानमंत्री मोदी को भी मिला है निमंत्रण
रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने पिछले सप्ताह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी अंतिम संस्कार में शामिल होने का निमंत्रण भेजा था। हालांकि, माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री स्वयं इस कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे। सरकार की ओर से यह भी साफ नहीं किया गया है कि भारत की तरफ से किस स्तर का प्रतिनिधिमंडल अंतिम संस्कार में शामिल होगा। ईरान ने केवल भारत ही नहीं, बल्कि चीन, रूस, पाकिस्तान और कतर समेत कई देशों के शीर्ष नेताओं को भी आमंत्रित किया है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ पहले ही घोषणा कर चुके हैं कि उनका देश एक आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल भेजेगा।
यह भी पढ़ें: कौन हैं IPS दीपक गहलावत, जिन्हें 3 करोड़ की रिश्वत मामले में CBI ने अरेस्ट किया
9 जुलाई को होंगे सुपुर्द-ए-खाक
ईरानी मीडिया के अनुसार, अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार की तारीख कई बार बदली गई। अब अंतिम कार्यक्रम का पूरा कार्यक्रम तय कर दिया गया है। पहले तेहरान, कोम और मशहद में श्रद्धांजलि सभाएं आयोजित होंगी। इसके बाद 9 जुलाई को मशहद स्थित इमाम रजा दरगाह में उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। ईरानी प्रशासन का कहना है कि अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। इसके लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।












