लखनऊ। शासन और परिवहन आयुक्त आशुतोष निरंजन के निर्देशानुसार बुधवार एक जुलाई से 15 जुलाई, 2026 तक स्कूली वाहनों के विरुद्ध अभियान प्रारंभ हो गया है। आरटीओ प्रवर्तन लखनऊ संभाग प्रभात कुमार पांडेय ने जानकारी दी कि अभियान के प्रथम दिन एआरटीओ (प्रवर्तन) लखनऊ आलोक कुमार यादव द्वारा स्कूली वाहनों की जांच करते हुए बिना परमिट व फिटनेस के संचालित पाई गई 12 वाहनों का चालान किया।
साथ ही दो वैन को पी4 पार्किंग में निरुद्ध किया गया। आरटीओ प्रवर्तन ने बताया कि उक्त कार्रवाई माउंट फोर्ट इंटरमीडिएट कॉलेज, महानगर, कार्मल कॉन्वेंट स्कूल, बादशाहनगर एवं एवरग्रीन पब्लिक स्कूल में संचालित वाहनों के विरुद्ध की गई है।
उक्त अभियान आगामी 15 जुलाई तक प्रतिदिन संचालित रहेगा। उन्होंने बताया कि ऐसे में सभी विद्यालय प्रबंधतंत्र एवं वाहन स्वामियों से अपेक्षा की जाती है कि वे आगामी सात जुलाई, 2026 तक अपने-अपने विद्यालय में संचालित वाहनों का परमिट, फिटनेस और बीमा अवश्य पूर्ण करा लें तभी वाहन को सड़क में चलने की अनुमति दें। आगे कहा कि ऐसा नहीं करने पर बिना परमिट, फिटनेस व बीमा के स्कूली वाहन सड़क पर चलती पाई जाएगी तो उसे प्रवर्तन दल द्वारा सीज किया जाएगा जिसके लिए विद्यालय प्रबंधतंत्र व वाहन स्वामी उत्तरदायी होंगे।












