श्रावस्ती की जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने बृहस्पतिवार को नगर पालिका परिषद भिनगा कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय के साथ-साथ नगर पालिका द्वारा कराए गए विभिन्न कार्यों की गहन समीक्षा की। जिलाधिकारी ने साफ-सफाई व्यवस्था, पेयजल, मार्ग व्यवस्था और शासन तथा नगरीय निकाय निदेशालय से आवंटित बजट के सापेक्ष कराए गए एवं प्रगतिशील कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कान्हा गौशाला, निराश्रित पशु आश्रय स्थल, डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण, स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26, पीएम सूर्यघर, कांशीराम शहरी गरीब आवास योजना, पीएम स्वनिधि और अमृत 2.0 के तहत हर घर जल योजना सहित कई महत्वपूर्ण योजनाओं की भी समीक्षा की। समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने जनहित से जुड़े सभी मामलों का निर्धारित समय-सीमा में निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने गृहकर, जलकर और जलमूल्य के 100 बड़े बकायेदारों के विरुद्ध आरसी (राजस्व वसूली प्रमाणपत्र) जारी कर कठोर कार्रवाई करने का आदेश दिया। साथ ही, वार्डों में साफ-सफाई के बाद कचरा फैलाने वाले व्यक्तियों को चिह्नित कर उन पर जुर्माना लगाने के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यालय परिसर, वेस्ट-टू-ब्यूटी वाटिका, वेस्ट-टू-वंडर पार्क (नवग्रह वाटिका), आरआरआर सेंटर और आधुनिक शौचालयों का भी जायजा लिया। इन पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने इन्हें और अधिक आधुनिक व आकर्षक बनाने के निर्देश दिए। नगर में चल रहे दो निर्माण कार्यों में पाई गई कमियों को शीघ्र दुरुस्त करने के लिए अवर अभियंता हरिकृष्ण को निर्देशित किया गया। इसके अतिरिक्त, जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी व संबंधित अधिकारियों को नगर की साफ-सफाई व्यवस्था में सुधार लाने, सफाई कर्मचारियों की ऑनलाइन उपस्थिति सुनिश्चित करने और द्वितीय पाली की उपस्थिति सफाई प्रभारी की मौजूदगी में कराने के निर्देश दिए।
श्रावस्ती DM सख्त, 100 बड़े बकायेदारों पर आरसी जारी:नगर पालिका निरीक्षण में गृहकर, जलकर वसूली पर जोर, ऑनलाइन उपस्थिति के निर्देश
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












