रिपोर्ट : —सुशील शर्मा
जिला ब्यूरो चीफ़ बस्ती
उत्तर प्रदेश के Basti जनपद के Rudhauli थाना क्षेत्र के कई गांवों में अवैध मिट्टी खनन का खेल धड़ल्ले से जारी है। खनन माफिया दिन ही नहीं बल्कि पूरी रात जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉली लगाकर मिट्टी की खुदाई कर रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि खुलेआम हो रहे इस अवैध खनन पर प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस और प्रभावी कार्रवाई देखने को नहीं मिली है।




ग्रामीणों का आरोप है कि आखिर किसके संरक्षण में यह अवैध कारोबार फल-फूल रहा है। रातभर चलने वाली मशीनों की आवाज से लोगों की नींद हराम हो रही है, वहीं खेतों और जमीनों को भी भारी नुकसान पहुंच रहा है। इसके बावजूद खनन माफियाओं में प्रशासन का कोई भय दिखाई नहीं देता।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रुधौली क्षेत्र के कई गांवों में लंबे समय से मिट्टी खनन का कार्य जारी है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं। सवाल यह उठता है कि जब शासन द्वारा अवैध खनन पर सख्ती के निर्देश दिए गए हैं, तो फिर आखिर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही?
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि अवैध मिट्टी खनन पर तत्काल रोक लगाई जाए और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि सरकारी राजस्व की चोरी और पर्यावरण को हो रहे नुकसान को रोका जा सके।
हालांकि पुलिस द्वारा समय-समय पर कार्रवाई किए जाने की बात भी सामने आई है। पुलिस ने इससे पहले भी कई बार खनन माफियाओं के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की है, लेकिन इसके बावजूद अपराधियों में कानून का खौफ नजर नहीं आ रहा। लगातार हो रहे अवैध खनन ने प्रशासनिक व्यवस्था और निगरानी पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।












