#बस्ती_न्यूज
बस्ती जनपद के कुदरहा में संचालित एक निजी नर्सिंग होम पर स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद अधिकारियों ने शुक्रवार को अस्पताल पर छापा मारा। जांच में चिकित्सक और पैरामेडिकल स्टाफ न मिलने पर नर्सिंग होम को सील कर दिया गया। कुदरहा कस्बे में एएनएम विनोदा सिंह के भवन के बेसमेंट में ‘प्रकाश नर्सिंग होम’ संचालित हो रहा था। नोडल एसीएमओ डॉ. एसबी सिंह ने शुक्रवार को यहां छापा मारा। जांच के दौरान एक युवक का इलाज चल रहा था, लेकिन अस्पताल में कोई सूचीबद्ध चिकित्सक या पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद नहीं मिला। मौके पर मौजूद महिला स्टाफ अपनी डिग्री या प्रशिक्षण संबंधी कोई दस्तावेज नहीं दिखा सकीं। अधिकारियों ने अस्पताल में अवैध रूप से पैथोलॉजी संचालित होते पाए जाने पर भी कड़ी नाराजगी व्यक्त की। मरीजों को बाहर निकालने के बाद अस्पताल के सभी सामान की सूची बनाई गई और ‘प्रकाश नर्सिंग होम’ को सील कर दिया गया। बताया गया है कि यह अस्पताल पहले ‘पटेल क्लीनिक’ के नाम से भी संचालित होता था और पूर्व में भी विवादों में रहा है। भारतीय किसान यूनियन के जिला उपाध्यक्ष उमेश गोस्वामी ने आरोप लगाया कि पिछले कई महीनों से बेसमेंट में अप्रशिक्षित लोगों द्वारा इलाज किए जाने की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हुआ। नोडल एसीएमओ डॉ. एसबी सिंह ने पुष्टि की कि पंजीकरण में दर्ज चिकित्सक और स्टाफ जांच के दौरान अनुपस्थित पाए गए। इसी आधार पर नर्सिंग होम को सील कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
नर्सिंग होम पर छापा, चिकित्सक-स्टाफ नदारद:बस्ती के कुदरहा में ‘प्रकाश नर्सिंग होम’ सील, जांच शुरू
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












