पूर्व मंत्री शैलेंद्र यादव ललई के निर्देश पर शनिवार को पीड़ित परिवार के घर पहुंचे शिवेंद्र यादव जौनपुर/शाहगंज, पट्टीनरेंपुर। एक महीने पहले लगी भीषण आग में छोटेलाल प्रजापति के परिवार का आशियाना, राशन और गृहस्थी का पूरा सामान जलकर राख हो गया, लेकिन अब तक शासन स्तर से कोई सहायता नहीं मिल सकी।
शनिवार को पूर्व मंत्री शैलेंद्र यादव ललई के निर्देश पर समाजसेवी एवं युवा सपा नेता शिवेंद्र यादव पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और हरसंभव मदद का भरोसा दिया। बताया गया कि एक महीने पूर्व लगी भीषण आग में छोटेलाल प्रजापति के परिवार का सब कुछ जलकर राख हो गया था।
परिवार के पास केवल वही कपड़े बचे थे जो घटना के समय उनके शरीर पर थे। घर, राशन, कपड़े और गृहस्थी का सारा सामान आग की भेंट चढ़ गया। घटना बेहद दर्दनाक होने के बावजूद अब तक शासन-प्रशासन की ओर से कोई आर्थिक सहायता नहीं मिल सकी है।
मामले की जानकारी मिलने पर युवा सपा नेता शिवेंद्र यादव पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। उन्होंने परिवार का हालचाल जाना और तहसील स्तर के अधिकारियों से वार्ता कर जल्द आर्थिक सहायता दिलाने की बात कही।
साथ ही पीड़ित परिवार को आर्थिक सहयोग प्रदान करते हुए आगे भी हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। प्रशासन द्वारा अब तक कोई सहायता न मिलने पर सपा नेता शिवेंद्र यादव ने सरकार और प्रशासन के संवेदनहीन रवैये पर नाराजगी जताई।
उन्होंने कहा कि भाजपा की प्रदेश सरकार में प्रशासन संवेदनहीनता की सारी हदें पार कर चुका है। गरीब, असहाय, जरूरतमंद और पीड़ित लोगों की इस सरकार में कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इस दौरान डब्लू सिंह, ज़ीशान, शिवराज, शुभम पाण्डेय, सूरज, विवेक सहित अन्य लोग मौजूद रहे।












