
लखनऊ। संयुक्त राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ,लखनऊ इकाई ने एनएचएम के अंतर्गत कार्यरत संविदा एवं आउटसोर्स कर्मचारियों की लंबित समस्याओं के संबंध में शनिवार को सीएमओ,के माध्यम से मिशन निदेशक,राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में मार्च 2026 से लंबित वेतन का तत्काल भुगतान सुनिश्चित किए जाने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। संगठन ने कहा कि लगातार वेतन न मिलने के कारण अल्प वेतन भोगी कर्मचारियों के समक्ष परिवार के भरण-पोषण,बच्चों की शिक्षा,चिकित्सा एवं दैनिक आवश्यकताओं को पूरा करने का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है।
संगठन ने मांग की कि एनएचएम कर्मचारियों के लिए स्थायी वेतन नीति लागू करते हुए न्यूनतम वेतन 18,000 निर्धारित किया जाए तथा विभिन्न पदों पर व्याप्त वेतन विसंगतियों को दूर किया जाए। साथ ही कर्मचारियों को सामाजिक सुरक्षा के अंतर्गत ईपीएफ, ग्रेच्युटी एवं स्वास्थ्य बीमा जैसी सुविधाएं प्रदान की जाएं। आउटसोर्स कर्मचारियों को सेवा निगम का लाभ देते हुए जिला स्वास्थ्य समिति एवं राज्य स्वास्थ्य समिति में समायोजित करने तथा कर्मचारियों के हित में स्थानांतरण नीति लागू कर आवश्यकतानुसार गृह जनपद में तैनाती सुनिश्चित किए जाने की मांग भी उठाई गई।
संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि एनएचएम कर्मचारी प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को निरंतर संचालित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, इसके बावजूद उनकी समस्याओं की लगातार उपेक्षा की जा रही है। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान एवं लंबित वेतन का भुगतान नहीं किया गया, तो संगठन प्रदेशव्यापी आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी विभाग एवं शासन-प्रशासन की होगी। सीएमओ द्वारा ज्ञापन प्राप्त कर आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया गया तथा कर्मचारियों के प्रति सहानुभूति भी व्यक्त की गई।
इस अवसर पर योगेश उपाध्याय ,प्रदेश महामंत्री, डा० अभयानंद जिला अध्यक्ष, आनंद कौशल ,प्रदेश सचिव, संजय कुमार वर्मा ,जिला महामंत्री, अम्मार जाफरी ,प्रदेश उपाध्यक्ष, हामिद हुसैन, योगेश मिश्रा, अनुज मौर्य, डा० ज़ाहिर, प्रदीप, विपिन कुमार, प्रियंका, सुशील कुमार, अपर्णा सक्सेना, विजय मौर्य, लोकेश कुशवाहा, अमित यादव, राम शुक्ला, विवेक सिंह, प्रशांत श्रीवास्तव, राम ललित शुक्ला,अशोक कुमार, रवि कान्त वर्मा,सुबोध सिंह, हिमांशु मिश्रा,सतेंद्र यादव, शादाब, बिन्दुमती, सचिन कश्यप, सरिता शुक्ला, संगीता शुक्ला, कोमल शुक्ला उपस्थित रहे।
एनएचएम कर्मचारियों ने अपनी समस्याओं को लेकर सौंपा ज्ञापन
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












