गोसाईगंजगंज। खंड विकास अधिकारी कार्यालय और बस स्टॉप के सामने लंबे समय से जलभराव और जर्जर सड़क की समस्या से परेशान स्थानीय लोगों को आखिरकार राहत मिल गई। क्षेत्र की इस प्रमुख समस्या का समाधान गोसाईगंज ब्लॉक प्रमुख विनय वर्मा डिम्पल के प्रयासों से संभव हो सका। लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है, जिससे क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।
गोसाईगंज बस स्टॉप पर बरसात और जलभराव के कारण सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। इससे राहगीरों, दुकानदारों और वाहन चालकों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। यह समस्या क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई थी और सोशल मीडिया पर भी इसे लेकर सरकार की आलोचना हो रही थी।
समस्या को गंभीरता से लेते हुए ब्लॉक प्रमुख विनय वर्मा डिंपल ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से लगातार संपर्क बनाए रखा। उन्होंने मुख्यमंत्री तथा रक्षा मंत्री सहित उच्चाधिकारियों से मुलाकात कर सड़क निर्माण की मांग उठाई और ज्ञापन सौंपा। इसके बाद लोक निर्माण विभाग ने कार्रवाई करते हुए सड़क निर्माण कार्य शुरू कराया, जो अब पूर्ण हो चुका है।
नवनिर्मित सीमेंटेड सड़क के लोकार्पण अवसर पर मंडल अध्यक्ष शिव कुमार, विधानसभा संयोजक शम्भू नाथ पाण्डे, वरिष्ठ पत्रकार संतोष शर्मा, राजीव दीक्षित और राजू वर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सड़क निर्माण पूरा होने पर क्षेत्र की जनता ने ब्लॉक प्रमुख के प्रति आभार व्यक्त किया है।












