मीरजापुर। चुनार कोतवाली क्षेत्र के बालूघाट स्थित गंगा पुल से रविवार अपराह्न करीब चार बजे एक युवक ने अचानक गंगा नदी में छलांग लगा दी। घटना से पुल पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद मछुआरों की सतर्कता से युवक की जान बच गई।
युवक की पहचान लवकुश विश्वकर्मा (20) पुत्र रामनरेश विश्वकर्मा निवासी बसंत पट्टी दादीपुर थाना रोहनिया, वाराणसी के रूप में हुई है। बताया गया कि वह साइकिल से गंगा पुल पर पहुंचा था। साइकिल खड़ी करने के बाद उसने अचानक नदी में छलांग लगा दी।
पुल के नीचे गंगा में मछली पकड़ रहे नाविक गुड्डू साहनी और भरत साहनी ने युवक को डूबता देखा तो तत्काल नाव लेकर मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद रंजीत साहनी की मदद से युवक को चुनार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
अस्पताल में चिकित्सक डॉ. सभाजीत एवं वार्ड ब्वाॅय मोहन लाल ने युवक का प्राथमिक उपचार किया। सूचना मिलने पर कस्बा चौकी प्रभारी अखिलेश यादव तथा उपनिरीक्षक रमेश कुमार मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी परिजन को दी। चिकित्सकों ने युवक की रीढ़ की हड्डी में चोट होने की आशंका जताते हुए उसे मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना रहा।












