फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में थाना राजेपुर क्षेत्र में लूट की घटना को अंजाम देते समय पकड़ा गया सीतापुर जिले का हिस्ट्रीशीटर पुलिस को धक्का मार कर फरार हो गया था। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम ने फरार शातिर को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। शातिर को पैर में गोली लगी।जिससे वह घायल हो गया। घायल बदमाश को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थाना क्षेत्र के गांव कुइयां में अधिवक्ता राजेश पाठक के घर में घुसे सीतापुर के हिस्ट्रीशीटर उमेश व कुलवंत ने अधिवक्ता के दो भतीजों को गोली मार कर घायल कर दिया था। गांव वालों ने सीतापुर जिले के उमेश व कुलवंत को पकड़ कर पुलिस को सौप दिया था। इन दोनों का मेडिकल परीक्षण कराने के लिए पुलिस लोहिया अस्पताल ले जा रही थी। उसी दौरान कुलवंत सिपाही को धक्का देकर पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देश पर टीमें गठित कर फरार आरोपी की तलाश की जा रही थी। कुलवंत ने पुलिस को देख जान से मारने की नीयत से फायर झोंक दिया। पुलिस ने भी बचाव में गोलियां दांगी ।पुलिस की गोली से कुलवंत घायल हो गया । पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया है।
सीओ राजेपुर ऐश्वर्या उपाध्याय ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि फरार हिस्ट्रीशीटर बदमाश कुलवंत कुइया गांव के पास खेतो में छिपा हुआ है।पुलिस ने चारों तरफ से घेरा बंदी कर फरार बदमाश को पकड़ने का प्रयास किया। तो हिस्ट्रीशीटर बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायर कर दिया।पुलिस की जबाबी फायरिंग में हिस्ट्रीशीटर बदमाश कुलवंत के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसेे घायल अवस्था में लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया है।












