रूस की राजधानी मॉस्को में यूक्रेन के ड्रोन हमले में एक भारतीय नागरिक की जान गई है। तीन अन्य लोग घायल हैं। यूक्रेन ने रातभर मॉस्को को निशाना बनाकर ड्रोन हमलों को अंजाम दिया। ताजा घटनाक्रम के बाद दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ गया है। तीन साल से अधिक समय से यह जंग जारी है। बातचीत के माध्यम से कोई समाधान निकलता नहीं दिख रहा है।
रूस में स्थित भारतीय दूतावास ने एक्स पर लिखा, ‘आज मॉस्को क्षेत्र में एक ड्रोन हमले में एक भारतीय कर्मचारी की जान गई है और तीन अन्य घायल हैं। दूतावास के अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया है और अस्पताल में घायल कर्मचारियों से मुलाकात की है।’
यह भी पढ़ें: वैश्विक ईंधन संकट से कैसे निपटेगा भारत, क्या है मोदी सरकार का प्लान?
आगे लिखा कि दूतावास इस जानमाल के नुकसान पर शोक व्यक्त करता है और कर्मचारियों को आवश्यक मदद पहुंचाने के लिए कंपनी प्रबंधन और स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर काम किया जा रहा है।
यूक्रेन ने शनिवार को रूस पर भीषण ड्रोन हमला किया। इनमें चार लोगों की जान गई है। एक दर्जन से अधिक घायल हैं। रूस के सबसे बड़े शेरेमेतयेवो हवाई अड्डे पर ड्रोन का मलबा भी गिरा। गनीमत रही कि यहां किसी कोई चोट नहीं आई। उधर, यूक्रेनी अधिकारियों ने दावा किया कि रूस ने रातभर हमलों को अंजाम दिया। इन ड्रोन हमलों में 8 लोग घायल हुए हैं।
यह भी पढ़ें: क्या इजरायल ने कर दिया न्यूक्लियर टेस्ट? रात में बड़े धमाके के बाद उठे सवाल
यूक्रेन के ड्रोन हमले में रूस के खिम्की शहर में एक महिला की जान गई। राजधानी मॉस्को के करीब स्थित पोगोरेल्की गांव में दो व्यक्तियों की मौत हुई। कुछ इमारतों को भी नुकसान पहुंचा है। वहीं यूक्रेन सीमा पर बसे रूस के बेलगोरोद में ड्रोन एक ट्रक से टकरा गया। इसमें भी एक शख्स की जान गई है। मॉस्को में 12 लोग के घायल होने की खबर है। यह हमला एक तेल रिफाइनरी पर किया गया।
रूस की सरकारी समाचार एजेंसी तास के मुताबिक मॉस्को में रातभर में करीब 81 ड्रोनों को नष्ट किया गया है। वहीं रक्षा मंत्रालय ने बताया कि रविवार दोपहर तक 1000 से ज्यादा ड्रोनों को मार गिराया गया है।












