गर्मी अब तक के अपने सारे रिकॉर्ड तोड़ने वाली है। इसको लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट भी जारी कर दिया है और लोगों को चेतावनी दी है कि गर्मी से बचने के उपाय कर लें। उत्तर भारत सूरज की तपिश और भीषण लू से झुलस रहा है और आज भी कुछ ऐसा ही देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में कई राज्यों में भारी बारिश, तेज हवाएं और हीट वेव को लेकर अलर्ट जारी किया है। आज कई राज्यों में 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से भवंडर आने की संभावना है। कुल मिलाकर आज मौसम के कई रंग देखने को मिल सकते हैं।
राजधानी दिल्ली में आज गर्मी लोगों को जमकर परेशान करेगी। मौसम विभाग ने आज दिल्ली में हीट वेव यानी लू का अलर्ट जारी कर दिया है। मौसम विभाग की मानें तो आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। 22 मई तक दिल्ली वालों को इसी तरह की गर्मी का सामना करना पड़ेगा।
यह भी पढ़ें: बिहार में हाईटेक हुआ दमकल विभाग, सम्राट चौधरी ने शुरू किया AI कंट्रोल रूम
यूपी-बिहार का मौसम
दिल्ली की तरह ही पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश में भी जमकर गर्मी पड़ने वाली है। मौसम विभाग ने आज उत्तर प्रदेश में लू का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, रात को भी गर्मी से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है। मौसम विभाग की ओर से जारी ताजा डेटा के अनुसार, 19 से 24 मई के बीच पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भीषण लू की स्थिति बन सकती है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 19 और 20 मई को गंभीर हीट वेव का असर रहने की आशंका है।
बिहार की बात करें तो बिहार में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार 22 से 24 मई के बीच राज्य के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने का अनुमान है। इसके साथ ही बिहार के कुछ हिस्सों में लू चलने की भी संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर ना निकलने की सलाह दी है।
इन राज्यों में चलेगी लू
आज देश के कई राज्यों में लू चलने की संभावना है। इन राज्यों के लिए मौसम विभाग ने अलर्ट भी जारी कर दिया है। मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार, आज 19 मई को हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार, विदर्भ, मराठवाड़ा और तेलंगाना में हीटवेव चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को गर्मी से बचने के उपाय करने की सलाह दी है।
बारिश और तूफान का अलर्ट
उत्तर भारत और मध्य भारत के ज्यादातर राज्यों में लू का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में तो मौसम चेतावनी में येलो अलर्ट जारी कर दिया है। इसके साथ ही कुछ राज्यों में आज 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की भी संभावनाएं हैं। मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र और तेलंगाना में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की और बिजली गिरने की संभावना जताई है।
यह भी पढ़ें: तेल की जगह सोलर और पवन ऊर्जा से क्यों नहीं चल सकता देश; कहां पीछे छूट रहा भारत?
इसके साथ ही केरल, माहे, लक्षद्वीप, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराइकल में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। दक्षिण भारत के राज्यों में उमस भरा मौसम रहने की संभावना है।
पूर्वोत्तर में मौसम
पूर्वोत्तर के राज्यों में अभी भी बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, आज नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भी बिजली कड़कने के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।












