उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में सिकंदराबाद नगर पालिका के चेयरमैन और भारतीय जनता पार्टी (BJP) नेता डॉ. प्रदीप दीक्षित ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) की लोकसभा सांसद सायोनी घोष का सिर काटने वाले को 1 करोड़ रुपये का इनाम देने का ऐलान किया है। डॉ. प्रदीप दीक्षित का आरोप है कि सायोनी घोष ने अपने एक पुराने सोशल मीडिया पोस्ट में शिवलिंग का अपमान किया था जिससे उनकी धार्मिक भावनाओं को बहुत ज्यादा चोट पहुंची है। यह पूरा मामला तब सामने आया जब सिकंदराबाद इलाके में हिंदू देवी-देवताओं के अपमान के खिलाफ एक बड़ा विरोध प्रदर्शन चल रहा था।
यह पूरी घटना सिकंदराबाद में हो रहे एक बड़े विरोध प्रदर्शन के दौरान की है। वहां पर अलग-अलग हिंदू संगठनों की तरफ से देवी-देवताओं के अपमान के खिलाफ 3,100 किलोमीटर लंबी एक बहुत बड़ी पैदल यात्रा भी निकाली जा रही थी। इसी विरोध प्रदर्शन के दौरान डॉ. प्रदीप दीक्षित मंच पर भाषण देने आए। उनका यह भाषण सोशल मीडिया पर बहुत तेजी से वायरल हो गया और लोगों के बीच फैल गया। वायरल वीडियो में प्रदीप दीक्षित को साफ-साफ कहते हुए कहा ‘मैं हर दिन एक घंटे भगवान शिव की पूजा करता हूं। टीएमसी सांसद सायोनी घोष ने जो हरकत की है उससे मुझे बहुत दुख पहुंचा है। जो कोई भी सायोनी घोष का कटा हुआ सिर लेकर आएगा, उसे 1 करोड़ रुपये का इनाम दिया जाएगा।’
यह भी पढ़ें: PM मोदी के स्पीच वाले दिन संसद में क्या हुआ था? रिजिजू ने वीडियो जारी कर बताया
क्यों शुरू हुआ यह पूरा हंगामा?
यह पूरा विवाद सायोनी घोष के एक पुराने सोशल मीडिया पोस्ट की वजह से शुरू हुआ है। यह पोस्ट 2015 में उनके अकाउंट से किया गया था। साल 2021 में और अभी हाल ही में पश्चिम बंगाल चुनाव के समय यह पोस्ट फिर से इंटरनेट पर वायरल हो गया। इस मामले में सायोनी घोष पर पहले केस भी दर्ज हो चुका है। सायोनी ने अपनी सफाई में कहा है कि 2015 में उनका अकाउंट हैक हो गया था और वह फोटो किसी हैकर ने डाली थी। उन्होंने यह भी बताया कि जैसे ही उन्हें अपना अकाउंट वापस मिला उन्होंने फौरन वह पोस्ट डिलीट कर दी थी।
डॉ. प्रदीप दीक्षित के बयान के बाद विपक्षी पार्टियां उनके खिलाफ खड़ी हो गई हैं। बुलंदशहर के कांग्रेस जिला अध्यक्ष जियाउर रहमान ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई और पुलिस से तुरंत कार्रवाई की मांग की है। जियाउर रहमान ने पूछा कि अगर सत्ताधारी पार्टी के नेता ही खुलेआम एक महिला को जान से मारने पर करोड़ों का इनाम देंगे तो देश में महिलाएं सुरक्षित कैसे महसूस करेंगी? उन्होंने इसे बहुत शर्मनाक बताया और बीजेपी के बड़े नेताओं से प्रदीप दीक्षित पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही पुलिस से तुरंत एफआईआर दर्ज करने के लिए कहा है। इस मामले पर अभी तक स्थानीय पुलिस या प्रशासन ने कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है लेकिन एक बड़े पुलिस अधिकारी का कहना है कि शिकायत मिलते ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: नीतीश के इस्तीफे से बिहार में हलचल, पप्पू यादव बोले- जनता के साथ न हो धोखा
बीजेपी ने बयान से झाड़ा पल्ला
जब इस बात पर बहुत ज्यादा हंगामा हुआ तो बीजेपी ने फौरन डॉ. प्रदीप दीक्षित के बयान से किनारा कर लिया। बीजेपी के जिला अध्यक्ष विकास चौहान ने साफ-साफ कहा कि प्रदीप दीक्षित ने जो कुछ भी बोला है वह उनकी अपनी सोच है और पार्टी का इससे कोई लेना-देना नहीं है। विकास चौहान ने आगे कहा कि बीजेपी हमेशा से महिलाओं की इज्जत करती आई है और उनकी सुरक्षा के लिए पूरी तरह से साथ है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि पार्टी किसी भी नेता की तरफ से दिए गए ऐसे गलत बयानों का बिल्कुल भी साथ नहीं देती है।












