लखनऊ । राजधानी के थाना निगोहाँ पुलिस ने लूट की एक गंभीर घटना का 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। बता दें कि 17 मई वादी अजीत सिंह, जो एलजी वेयर हाउस मोहनलालगंज में कार्यरत हैं, अपनी ड्यूटी समाप्त कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान थाना निगोहाँ क्षेत्र के ग्राम लालपुर स्थित टावर के पास तीन अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोककर मारपीट की और उनकी मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन तथा 500 रुपये नगद लूटकर फरार हो गए।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना निगोहाँ में मु0अ0सं0-51/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) के निर्देशन में तीन टीमों का गठन किया गया। लगभग 200 से अधिक सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी हरिओम तिवारी को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से वादी की लूटी गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और घटना में प्रयुक्त होंडा लीवो मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पूछताछ में खुलासा
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाता था और सुनसान स्थान पर वारदात को अंजाम देता था। आरोपी और उसके साथी आगे भी अपराध करने की फिराक में थे।दोनों फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।












