लखनऊ । राजधानी के थाना सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर एक युवती की हत्या का सफल अनावरण कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
सोमवार को आवास विकास योजना, उतरेटिया रेलवे लाइन के पास जंगल में एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ था, जिसके सिर पर गंभीर चोटों के निशान थे। बाद में मृतका की पहचान शिवानी (उम्र लगभग 22 वर्ष) के रूप में हुई।
सूचना के आधार पर थाना सुशांत गोल्फ सिटी में मु0अ0सं0-311/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) के निर्देशन में चार पुलिस टीमें और सर्विलांस टीम गठित की गईं।सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से पुलिस ने मृतका के पूर्व पुरुष मित्र प्रेम कुमार मांझी को सेक्टर-8 अंडरपास शहीद पथ के नीचे से गिरफ्तार किया।गिरफ्तारी के बाद आलाकत्ल (सीमेंटेड ईंट) भी बरामद किया गया, जिसके आधार पर धारा 238 बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।
पूछताछ में खुलासा
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह और मृतका पिछले 7–8 वर्षों से परिचित थे। हाल के महीनों में मृतका की किसी अन्य युवक से नजदीकियों को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में आरोपी ने 17 मई की रात को उसे जंगल में ले जाकर पहले गला घोंटा और फिर पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने मृतका का मोबाइल नहर में फेंक दिया।गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।












