कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के तेलियनपुरवा गांव में बृहस्पतिवार सुबह तेंदुए के हमले में तीन लोग घायल हो गए। तेंदुए ने सड़क किनारे अपने 5 वर्षीय बेटे मोहित के साथ बैठी मीना (32) पत्नी हीरालाल पर हमला किया। तेंदुआ अचानक गन्ने के खेत से निकला और बच्चे को खींचकर ले जाने का प्रयास किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मीना ने अपने बेटे को बचाने के लिए तेंदुए से लगभग 10 मिनट तक संघर्ष किया। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास बैठे ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के शोर मचाने पर तेंदुआ बच्चे को छोड़कर गन्ने के खेत में भाग गया। तेंदुए ने महिला और बच्चे पर हमला करने के बाद पास मौजूद उमेश (26) पुत्र बिंद्रा को भी घायल कर दिया। इस हमले में उमेश के सिर और गर्दन पर गहरे घाव आए हैं। मीना के हाथ-पैर और पीठ पर भी गंभीर चोटें हैं, जबकि बच्चे को मामूली खरोंचें आई हैं। सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) सुजौली में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मिहींपुरवा रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलने पर कतर्नियाघाट वनक्षेत्राधिकारी आशीष गौड़ अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वनक्षेत्राधिकारी ने बताया कि एक टीम घटनास्थल पर भेजी गई है और घायलों का इलाज कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों को सतर्क रहने के लिए अलर्ट जारी कर दिया गया है।
कतर्नियाघाट में तेंदुए के हमले में तीन घायल:तेलियनपुरवा गांव में मां ने बच्चे को बचाने के लिए संघर्ष किया
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












