लखनऊ । राजधानी के गोमतीनगर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के कोच में बक्से के अंदर किशोरी के शव के टुकड़े मिलने के सनसनीखेज मामले में जीआरपी को बड़ी सफलता मिली है। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज से मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने किशोरी के पिता को हिरासत में लिया है। पूछताछ में सामने आया कि पिता ने ही अपनी 16 वर्षीय बेटी की हत्या कर शव के छह टुकड़े किए थे।
सूत्रों के मुताबिक कुशीनगर के सेवरही निवासी बिग्गन अंसारी अपनी बेटी शब्बा के दूसरे समुदाय के एक युवक से बातचीत करने से नाराज था। उसने कई बार बेटी को समझाने और रोकने की कोशिश की, लेकिन जब वह नहीं मानी तो आरोपी ने खौफनाक साजिश रच डाली। बताया जा रहा है कि उसकी दो बेटियां पहले ही प्रेम विवाह कर चुकी थीं, जिससे वह बेहद नाराज और सामाजिक बदनामी के डर में था।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने वारदात से पहले पत्नी और दोनों बेटों को रिश्तेदारों के घर भेज दिया था। घर में केवल किशोरी और उसकी बुजुर्ग दादी मौजूद थीं। 16 मई को आरोपी ने अपनी बहन और बहनोई को बुलाया और तीनों ने मिलकर किशोरी की हत्या कर दी। इसके बाद शव को धारदार हथियार से काटकर कई हिस्सों में बांट दिया गया।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने पहचान छिपाने के लिए सिर को अलग कर गांव के तालाब में फेंक दिया, जबकि बाकी अंगों को प्लास्टिक और पुराने कपड़ों में लपेटकर बक्से में भर दिया। बाद में आरोपी, उसकी बहन और बहनोई ई-रिक्शा से तमकुही रोड स्टेशन पहुंचे और छपरा-गोमतीनगर एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में बक्सा रखकर फरार हो गए।
पूरी वारदात ट्रेन और स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। फुटेज के आधार पर जीआरपी और आरपीएफ आरोपी तक पहुंची। सख्ती से पूछताछ के बाद आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर तालाब से किशोरी का कटा हुआ सिर और हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया गया है।
गौरतलब है कि रविवार सुबह गोमतीनगर रेलवे स्टेशन पहुंची छपरा-गोमतीनगर एक्सप्रेस के स्लीपर कोच एस-1 में एक बक्से के भीतर किशोरी के शव के पांच टुकड़े मिले थे, जबकि सिर गायब था। इस घटना से पूरे प्रदेश में सनसनी फैल गई थी। अब पुलिस बृहस्पतिवार को पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा कर सकती है।
गोमतीनगर ट्रेन में मिला था मौत का बक्सा: बेटी के प्यार से नाराज पिता ने रची खौफनाक साजिश, शव के किए टुकड़े
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












