Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)बाइक-सवार को बचाने में सड़क से 10-फीट नीचे उतरी बस:सिद्धार्थनगर में एसएसबी...

बाइक-सवार को बचाने में सड़क से 10-फीट नीचे उतरी बस:सिद्धार्थनगर में एसएसबी जवानों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला


सिद्धार्थनगर में शुक्रवार दोपहर बाइक सवार को बचाने में एक रोडवेज बस अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 10 फीट नीचे उतर गई। बस में सवार लगभग 50 से 60 यात्रियों की जान बाल-बाल बच गई। मामला जोगिया थाना क्षेत्र के करौंदा मसीना स्थित एसएसबी कैंप के पास का है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे हुआ। बस अपने निर्धारित मार्ग पर जा रही थी, तभी सामने अचानक आए एक मोटरसाइकिल सवार को बचाने के प्रयास में चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस सड़क किनारे नीचे उतर गई। वहीं बस के नीचे उतरते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बस में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी सवार थे। गनीमत रही कि बस पलटी नहीं, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। घटनास्थल के पास मौजूद सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) कैंप के जवानों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। जवानों ने बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। उनकी तत्परता के चलते किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और हालात का जायजा लिया। पुलिस बस को सुरक्षित बाहर निकालने की व्यवस्था में जुटी रही। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण मोटरसाइकिल सवार को बचाने के दौरान चालक का संतुलन खोना बताया गया है। मामले की जांच जारी है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments