लखनऊ। ईद-उज-जुहा (बकरीद) को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने शहर में डायवर्जन व्यवस्था लागू की है। 27 और 28 मई को सुबह छह बजे से नमाज समाप्त होने तक पुराने शहर और ऐशबाग ईदगाह के आसपास कई रास्तों पर ट्रैफिक प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस ने लोगों से वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करने की अपील की है।
टीले वाली मस्जिद, बड़ा इमामबाड़ा, ऐशबाग ईदगाह और आसपास के इलाकों में नमाज के दौरान भारी भीड़ को देखते हुए सीतापुर रोड, पक्का पुल, डालीगंज, चौक, शाहमीना, मेडिकल कॉलेज, कोनेश्वर चौराहा, नींबू पार्क और रूमीगेट की ओर जाने वाले रास्तों पर डायवर्जन लागू रहेगा। हरदोई रोड और बालागंज की ओर से आने वाले बड़े वाहन और रोडवेज बसों को भी वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।
ऐशबाग ईदगाह क्षेत्र में भी विशेष ट्रैफिक प्लान लागू रहेगा। नाका, यहियागंज, रकाबगंज, मोतीनगर, बुलाकी अड्डा, लाल माधव और अंजुमन चौराहा से ईदगाह की ओर सामान्य वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। केवल नमाज में शामिल होने वाले लोगों के वाहनों को अनुमति दी जाएगी।












