— चेक और बैज देकर सम्मानित किया गया
लखनऊ। प्रदेश के सभी जिलों में संचालित 108 एवं 102 एंबुलेंस सेवाओं में कार्यरत एम्बुलेंस पायलट के सम्मान में मंगलवार को ‘पायलट डे’ धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर 108 एवं 102 एंबुलेंस सेवा में कार्यरत पायलट्स (एंबुलेंस ड्राइवर) को उनके अथक सेवा और जीवन रक्षक भूमिका एवं उत्कृष्ट योगदान के लिए पूरे प्रदेश में विशेष रूप से सम्मानित किया गया। जिलों में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए गए,जिनमें प्रत्येक जिले के 108 व 102 एंबुलेंस सेवा के एक एक सर्वश्रेष्ठ पायलट को प्रमाण-पत्र, चेक और बैज प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अलावा जोन स्तर पर भी प्रत्येक जोन से एक-एक उत्कृष्ट पायलट को प्रमाण पत्र, चेक और बैज देकर विशेष सम्मान दिया गया।
प्रदेश में 108 एवं 102 एंबुलेंस सेवा प्रदाता संस्था ईएमआरआई ग्रीन हेल्थ सर्विसेज के प्रेसिडेंट टीवीएसके रेड्डी ने कहा कि एंबुलेंस पायलट दिन-रात सड़कों पर दौड़ते हुए गंभीर मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचा कर उनकी जीवन रक्षा का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। एंबुलेंस पायलट (ड्राइवर) इमरजेंसी सेवाओं की रीढ़ की हड्डी हैं। उन्होंने कहा कि मेडिकल इमरजेंसी में हर पल कीमती होता है। इमरजेंसी के समय में समय से अस्पताल पहुंचना बहुत महत्वपूर्ण होता है। 108 एवं 102 एंबुलेंस सेवा के ये पायलट ही असली हीरो हैं,जो हर इमरजेंसी में सबसे पहले मौके पर पहुंचे हैं और मरीजों की जान बचाने के लिए हर संभव प्रयास करते हैं। इन पायलट की जितनी सराहना की जाय कम है। इसके अलावा विभिन्न जिलों में डीएम, सीएमओ व सीएमएस व अन्य अधिकारियों ने इन पायलटों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया।












