देशभर में भीषण गर्मी पड़ रही हैं। इस समय तापमान 40 से 45 डिग्री के पार पहुंच रहा है। इस भीषण गर्मी से बचने के लिए तमाम तरीके अपना रहे हैं। गर्मी की वजह से लोग बीमार पड़ रहे हैं। इस समय सबसे ज्यादा मामले लू लगने और हीट स्ट्रोक के आ रहे हैं। सरकार की तरफ से स्वास्थ्य अडवाइजरी जारी की गई है। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से गर्मी में अपना ख्याल रखने की खास अपील की है। उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर कई पोस्ट शेयर किए हैं जिसमें बताया गया है कि गर्मी में अपना और अपने प्रियजनों को ख्याल कैसे रह सकते हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स अकाउंट पर पोस्ट शेयर कर लिखा, ‘देश के अलग-अलग हिस्सों में तापमान लगातार बढ़ रहा है और इसके साथ ही दैनिक जीवन में गर्मी से होने वाली कई कठिनाइयां भी बढ़ रही हैं। मैं सभी देशवासियों से आग्रह करता हूं कि जितनी अधिक सावधानी बरत सकें, अवश्य बरतें। कृपया स्वयं को हाइड्रेटेड रखें, घर से बाहर निकलते समय पानी साथ रखें। ऐसे मौसम में आपकी संवेदनशीलता भी बहुत बड़ा सहारा बन जाती है। यदि संभव हो, तो किसी प्यासे व्यक्ति को एक गिलास पानी अवश्य दें। मैं ऐसे लोगों की सराहना भी करूँगा जो अपने घरों के और दुकानों के बाहर मटके में जल रखते हैं ताकि कोई भी उनसे पानी पी सके।’
यह भी पढ़ें: ना हाथ ठीक, ना पैर, स्कूल भी नहीं जा पाए, बिस्तर पर पड़े-पड़े ही बन गए एक्सपर्ट
गर्मी में कैसे रखें ख्याल?
पीएम मोदी ने अपने ट्वीट में लिखा, ‘अत्यधिक गर्मी से होने वाली परेशानी, जैसे चक्कर आना, मतली या ज्यादा थकान लगे तो उसे बिल्कुल भी नजरअंदाज न करें। यदि आपके आसपास किसी व्यक्ति को अचानक बेहोशी जैसा लगे, कमजोरी महसूस करे या फिर अस्वस्थ दिखाई दे, तो उसे तुरंत किसी ठंडी और छायादार जगह पर ले जाएं। उसे पानी, ORS या अन्य तरल पदार्थ दें, जिससे शरीर को राहत मिल सके। बच्चे, बुज़ुर्ग और धूप में काम करने वाले लोग इस भीषण गर्मी में सबसे अधिक प्रभावित होते हैं। समय रहते ध्यान न देने पर यह स्थिति हीटस्ट्रोक जैसी गंभीर समस्या का रूप ले सकती है। ऐसे समय में आपकी सतर्कता और देखभाल किसी का जीवन बचा सकती है।’
प्रियजनों को पानी पूछे
उन्होंने आगे लिखा, ‘जब भी संभव हो, अपने माता-पिता, दादा-दादी, नाना-नानी और अन्य प्रियजनों को फोन कर उनका हालचाल अवश्य पूछें। उन्हें पर्याप्त पानी पीने, दोपहर की तेज धूप में बाहर न निकलने और जितना हो सके, आराम करने की सलाह दें।’
यह भी पढ़ें: ‘गलत नहीं कह सकते हैं…’, बिहार में SIR पर आ गया सुप्रीम कोर्ट का फैसला
पक्षियों को गर्मी से कैसे बचाएं?
पीएम मोदी ने आगे लिखा, ‘इस प्रचंड गर्मी में हमें अपने आसपास के पशु-पक्षियों को भी नहीं भूलना चाहिए। अपने घर, बालकनी, छत, दुकान या ऑफिस के बाहर पानी से भरा एक छोटा-सा बर्तन रखना भी किसी प्यासे पक्षी के लिए जीवनदान बन सकता है। आइए, इन कठिन दिनों में पूरी संवेदनशीलता और करुणा के साथ एक-दूसरे का ध्यान रखें।’











