Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)श्रावस्ती पुलिस को ई-साक्ष्य ऐप पर विशेष प्रशिक्षण:नए कानूनों के तहत विवेचना...

श्रावस्ती पुलिस को ई-साक्ष्य ऐप पर विशेष प्रशिक्षण:नए कानूनों के तहत विवेचना में मिलेगी डिजिटल मदद, नए आपराधिक कानूनों के अनुरूप तैयार


श्रावस्ती जनपद में अपराध विवेचना को आधुनिक और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। पुलिस कार्यालय सभागार में अपर पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में ई-साक्ष्य ऐप पर विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में जनपद के विभिन्न थानों से लगभग 30 उपनिरीक्षक और कंप्यूटर ऑपरेटरों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को अपराध स्थल पर रियल-टाइम वीडियो और फोटो रिकॉर्डिंग, डिजिटल साक्ष्यों के वैज्ञानिक संग्रहण तथा उन्हें क्लाउड पर सुरक्षित अपलोड करने की व्यावहारिक जानकारी दी गई। कार्यशाला में बताया गया कि ई-साक्ष्य ऐप नए आपराधिक कानूनों भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम के अनुरूप विकसित किया गया है। यह ऐप विवेचना प्रक्रिया को तेज, पारदर्शी और न्यायालय में साक्ष्यों को सशक्त रूप से प्रस्तुत करने में सहायक होगा।
प्रशिक्षण सत्र में ऐप के प्रभावी उपयोग, एसआईडी जनरेशन, चेन ऑफ कस्टडी बनाए रखने और सामान्य तकनीकी समस्याओं के समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई। अपर पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि ई-साक्ष्य ऐप पुलिस विवेचना प्रणाली में क्रांतिकारी बदलाव लाएगा। इससे साक्ष्यों की विश्वसनीयता बढ़ेगी, छेड़छाड़ की संभावना कम होगी और न्यायिक प्रक्रिया को गति मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों से प्रशिक्षण का व्यावहारिक उपयोग करने का आग्रह किया। कार्यशाला के अंत में प्रतिभागियों ने ऐप से संबंधित अपनी जिज्ञासाएं साझा कीं, जिनका तकनीकी टीम द्वारा समाधान किया गया। पुलिस प्रशासन का मानना है कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों से जनपद में डिजिटल पुलिसिंग को मजबूती मिलेगी और कानून व्यवस्था पर आमजन का भरोसा और बढ़ेगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments