Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)बहराइच के नानपारा में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई:ताजपुर में देर रात...

बहराइच के नानपारा में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई:ताजपुर में देर रात छापेमारी, एक मड लोडर और तीन ट्रैक्टर जब्त


बहराइच के नानपारा तहसील क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ राजस्व विभाग ने मंगलवार रात बड़ी कार्रवाई की। नायब तहसीलदार हर्षित पाण्डेय के नेतृत्व में राजस्व टीम ने ताजपुर क्षेत्र में छापेमारी कर एक मड लोडर और तीन ट्रैक्टर जब्त किए। कार्रवाई के दौरान एक ट्रैक्टर-ट्रॉली मौके से फरार होने में सफल रही। जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 10 बजे नायब तहसीलदार हर्षित पाण्डेय रात्रि गश्त पर थे। इसी दौरान ताजपुर क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन की सूचना मिलने पर टीम ने छापा मारा। मौके पर एक मड लोडर, एक ट्रैक्टर और तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियां मिट्टी खनन में लगी मिलीं। राजस्व टीम को देखकर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक वाहन लेकर भाग निकला, जबकि अन्य वाहनों को मौके पर पकड़ लिया गया। जब्त वाहनों से निकाली गई मिट्टी खेत में ही गिरा दी गई। सभी वाहनों को कब्जे में लेकर नानपारा कोतवाली में खड़ा कराया गया है। जब्त किए गए ट्रैक्टरों में 540 DLX, सोनालिका DI 35 RX और सोनालिका DI 50 RX शामिल हैं। मामले में कलामुद्दीन पुत्र जाबिर अली, अरशद खान पुत्र नूर मोहम्मद और शाहिद पुत्र साबिर के बयान दर्ज किए गए हैं। सभी आरोपी टेडिया और पचपेड़वा गांव के निवासी बताए गए हैं। राजस्व विभाग के अनुसार, चालकों ने शपथपूर्वक स्वीकार किया कि वे बिना अनुमति मिट्टी का खनन कर उसे बेच रहे थे। नानपारा तहसील क्षेत्र में लगातार अवैध खनन की शिकायतें मिल रही हैं। प्रशासन की ओर से समय-समय पर कार्रवाई के बावजूद खनन माफिया सक्रिय बने हुए हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments