12 सितंबर को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए बैठक
नन्दकिशोर दास
बेगूसराय ब्यूरो। जिला विधिक सेवा प्राधिकार के एडीआर भवन में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव करुणानिधि प्रसाद आर्य की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी कविता कुमारी, सभी अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी, प्रथम एवं द्वितीय श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी न्यायिक दंडाधिकारियों के बेंच क्लर्क कार्यालय क्लर्क एवं नवनियुक्त यूडीसी उपस्थित थे। बैठक में सचिव करुणानिधि प्रसाद एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी कविता कुमारी ने सभी पदाधिकारियों को 12 सितंबर को होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत में सभी सुलहनीय मामलों में नोटिस निर्गत करना सुनिश्चित करने को कहा। अधिक से अधिक प्री-लिटिगेशन सुलह एवं फ्री सिटिग आयोजित कर उसके अंतर्गत अवार्ड पारित कराने पर बल दिया। सचिव करुणानिधि प्रसाद ने कहा कि इस बार आयोजित होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत में बेगूसराय न्याय मंडल का नाम राज्य स्तर पर शीर्ष पर आना चाहिए। इसके लिए हम सभी को पूरी मेहनत एवं समर्पण के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने सभी से अपील की कि वे अधिक से अधिक मामलों के निपटारे के लिए कार्य करें।












