Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)श्रावस्ती में सड़क हादसे में युवक की मौत:तीन घायल, बकरीद की दावत...

श्रावस्ती में सड़क हादसे में युवक की मौत:तीन घायल, बकरीद की दावत से लौटते समय हुआ था हादसा


श्रावस्ती के इकौना-भिनगा मार्ग पर गुरुवार रात सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना बकरीद की दावत खाकर लौटते समय हुई। पीएम के बाद जब घर शव पहुँचा तो परिवार में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार, थाना इकौना क्षेत्र के मनोहरापुर निवासी दद्दन, हग्गू उर्फ शेर अली, 10 वर्षीय शहजाद और भोजपुर निवासी 30 वर्षीय राजू एक ही बाइक पर सवार थे। वे टंडवा महंत से बकरीद की दावत खाकर वापस लौट रहे थे। रात के समय भोजपुर के पास पहुंचते ही बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे पुल से जा टकराई। हादसे में राजू, शेर अली और मासूम शहजाद गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान भिनगा से इकौना की ओर जा रहे क्षेत्राधिकारी (CO) इकौना आलोक कुमार सिंह ने घायलों को तत्काल अपने सरकारी वाहन से जिला चिकित्सालय भिनगा पहुंचाया। उनकी त्वरित मदद से घायलों को समय पर उपचार मिल सका। जिला अस्पताल भिनगा में प्राथमिक उपचार के बाद राजू की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया। वहां से हालत बिगड़ने पर उसे लखनऊ भेजा गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। राजू की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया। मृतक राजू अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसके परिवार में पत्नी के अलावा चार छोटे बच्चे हैं: 8 वर्षीय बेटा सद्दाम, 4 वर्षीय बेटा सिफान, 6 वर्षीय बेटी मन्नी और छह माह की मासूम मुस्कान। परिजनों के अनुसार, राजू की शादी लगभग 11 साल पहले बक्सरियां गांव में हुई थी। करीब 10 वर्ष पहले उसके माता-पिता का भी निधन हो चुका था। परिवार में तीन भाई और एक बहन हैं, जिनकी जिम्मेदारी भी राजू ही निभा रहा था। परिवार के पास कृषि भूमि भी नहीं है। राजू मेहनत-मजदूरी करके पूरे परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी असामयिक मौत से पूरा परिवार बेसहारा हो गया है और क्षेत्र में शोक की लहर है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments