कौशाम्बी। जिले में सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से उपजिलाधिकारी सिराथू, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी तथा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की संयुक्त टीम द्वारा थाना सैनी क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-19 पर बनाए गए अवैध कटों का स्थलीय निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनाए गए अवैध कटों से संभावित सड़क दुर्घटनाओं एवं यातायात बाधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने संबंधित विभागीय कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सड़क सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।अधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनाए गए अनधिकृत कट आमजन की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकते हैं। ऐसे स्थानों पर दुर्घटनाओं की आशंका अधिक बनी रहती है, जिससे यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती है। इसको ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।निरीक्षण के दौरान थाना सैनी पुलिस भी मौके पर मौजूद रही। पुलिसकर्मियों द्वारा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा गया तथा पूरे निरीक्षण कार्य को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया गया।












