विधायक एवं जिलाधिकारी ने संयुक्त रूप से किया उद्घाटन
तहसील परिसर मे सत्या द आर्यन स्कूल एवं सीताद्वार मोड़ पर राजेश शुक्ला द्वारा होगा संचालन
श्रावस्ती।जनपद मे संभावित हीटवेव से बचाव के लिए रेडक्रास अध्यक्ष/जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग द्वारा श्रृंखलाबद्ध रूप से नि:शुल्क प्याऊ शुरू किये जा रहे हैं । इसी क्रम मे आज विधायक श्रावस्ती रामफेरन पाण्डेय एवं जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने सीताद्वार मोड़ पर एवं तहसील परिसर मे आम जन के लिए नि:शुल्क प्याउ का उद्घाटन किया एवं आम जन को गुड़ और पानी पिलाकर जलसेवा भी की । सीताद्वार मोड़ पर रेडक्रास के सदस्य राजेश शुक्ला द्वारा वाटर कूलर भी स्थापित किया गया है । वहीं तहसील परिसर इकौना मे प्याऊ का संचालन सत्या द आर्यन स्कूल द्वारा किया जा रहा है ।इस अवसर पर विधायक श्रावस्ती रामफेरन पांडेय ने बताया की – ” बढ़ती गर्मी मे विद्वान अधिवक्ताओं, वादकारियों, आम नागरिकों, राहगीरों श्रद्धालुओं को पीने के लिए स्वच्छ शीतल जल, गुड़ आदि मिल सके इसलिए तहसील परिसर और धार्मिक महत्व के सीताद्वार मोड़ पर रेडक्रास के सदस्यों द्वारा प्याऊ स्थापित किये गये हैं इसी तरह जनपद मे और भी प्याऊ स्थापित किये जायेंगे । ”
जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने बताया कि – ” मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश और जनपद मे हीटवेव की परिस्थितियां बन रही हैं तापमान 43 डिग्री तक जा चुका है इसलिए रेडक्रास द्वारा लगातार महत्वपूर्ण स्थानों पर प्याऊ संचालित किये जा रहे हैं । इसी क्रम मे आज दो प्याऊ का उदघाटन किया गया है । रेडक्रास द्वारा आगे भी प्याऊ शुरू किये जायेंगे ।”
इस अवसर पर एसडीएम पियूष जायसवाल, रेडक्रास सचिव / आपदा विशेषज्ञ अरुण कुमार मिश्र, सतीश जायसवाल जिला उपाध्यक्ष, शिक्षक नेता विनय पांडेय, ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि गिलौला प्रकाश चन्द, सुमित मिश्र समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे ।












