सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बर्डपुर में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) टीकाकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान एक जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित हुआ, जिसमें अधीक्षक डॉ. सुबोध चंद्रा ने अपनी पत्नी डॉ. आकांक्षा श्रीवास्तव के साथ अपनी बेटी शिविना श्रीवास्तव को एचपीवी वैक्सीन लगवाकर सभी को इसके महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि वैक्सीन को लेकर फैलाई जा रही भ्रांतियों में कोई सच्चाई नहीं है। डॉ. आकांक्षा श्रीवास्तव ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन निजी अस्पतालों में पहले से ही उपलब्ध है, लेकिन वहां इसकी कीमत काफी अधिक है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा इसे सरकारी अस्पतालों में मुफ्त उपलब्ध कराया जा रहा है, इसलिए सभी अभिभावकों को आगे आकर अपनी बच्चियों की सुरक्षा के लिए एचपीवी वैक्सीन अवश्य लगवानी चाहिए। यह बच्चेदानी के कैंसर के खतरे को कम करता है। उन्होंने जोर दिया कि टीकाकरण बीमारियों से बचाव के लिए ही किया जाता है। डॉ. सुबोध चंद्रा ने जानकारी दी कि प्रतिदिन टीकाकरण के लिए सभी आशा कार्यकर्ताओं को लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं, जो किशोरियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लाकर टीकाकरण कराएंगी। उन्होंने अस्पताल के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से भी अपील की कि वे अपनी 14 से 15 वर्ष तक की बच्चियों को एचपीवी वैक्सीन जरूर लगवाएं। इस अवसर पर एक आशा कार्यकर्ता ने भी अपनी बेटियों आराध्या और अनुष्का को एचपीवी वैक्सीन लगवाकर लोगों को यह संदेश दिया कि यह वैक्सीन बच्चियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक है। शनिवार को आराध्या सिंह, अनुष्का सिंह, आशा, उषा, नंदिनी, नेहा, रागिनी, सुमन सहित कुल 10 किशोरियों का टीकाकरण किया गया। टीकाकरण के दौरान उपस्थित सभी किशोरियों ने भी इसके बारे में जानकारी देते हुए अपने साथियों का भी टीकाकरण कराने को कहा। इस मौके पर चिकित्साधिकारी डॉ. महेश कुमार, आईओ शैलमणि चौधरी, एसएलए, प्रभारी एआरओ अनिल कुमार मिश्रा, संतोष कुमार मौर्या, एएनएम नीलम यादव सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
बर्डपुर सीएचसी में एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम:डॉक्टर ने बेटी को वैक्सीन लगवाकर दिया कैंसर बचाव का संदेश
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












