भनवापुर ब्लॉक क्षेत्र के चार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) तरहर, बिजौरा, सोहना और कोहडौरा में रविवार को जन आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। इस मेले में कुल 160 मरीजों का इलाज किया गया और उन्हें निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं। मरीजों को खांसी, गले में खराश, एसिडिटी, फंगल इन्फेक्शन, जोड़ों में दर्द और त्वचा रोग जैसी समस्याओं के लिए उपचार मिला। पीएचसी तरहर में डॉ. आशीष सत्यार्थी ने 41 मरीजों का इलाज किया, जबकि पीएचसी बिजौरा में डॉ. ईशदेव आर्य ने 31 मरीजों को देखा। इसी तरह, पीएचसी सोहना में डॉ. प्रिंस विश्वास ने 45 और पीएचसी कोहडौरा में डॉ. राहुल कुमार ने 43 मरीजों को निःशुल्क दवाएं प्रदान कीं। अधीक्षक डॉ. शैलेंद्र मणि ओझा ने पीएचसी बिजौरा और तरहर पहुंचकर आरोग्य मेले का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ड्यूटी पर तैनात चिकित्साधिकारी और अन्य पैरामेडिकल स्टाफ उपस्थित पाए गए। अधीक्षक ने निर्देश दिए कि आवश्यक दवा सूची के अनुसार अस्पतालों में दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। डॉ. ओझा ने पीएचसी तरहर में मरीजों का इलाज करते हुए क्षय रोग (ट्यूबरक्लोसिस) के लक्षणों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दो सप्ताह या उससे अधिक समय तक खांसी आना, वजन कम होना, भूख न लगना, बलगम में खून आना और सीने में दर्द होना क्षय रोग के लक्षण हो सकते हैं। ऐसे लक्षण दिखने पर मरीजों को तत्काल बलगम की जांच करवानी चाहिए, ताकि समय रहते निःशुल्क इलाज शुरू किया जा सके और मरीज की जान बचाई जा सके। इस अवसर पर पीएन तिवारी, अंबुज श्रीवास्तव, अखिलेश तिवारी, विनय किशोर, मनोज मिश्रा सहित अन्य लोग भी उपस्थित रहे।
भनवापुर के चार पीएचसी में 160 मरीजों का इलाज:जन आरोग्य स्वास्थ्य मेले में निःशुल्क दवाएं वितरित
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












