#बस्ती_न्यूज
बस्ती के विकासखण्ड बहादुरपुर के ग्राम पंचायत शेखपुरा में ट्री इनिशिएटिव्स सोसायटी एवं उत्तर प्रदेश सरकार के संस्कृति विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित “लोक संस्कृति एवं लोकगीत संध्या” कार्यक्रम उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में सैकड़ों ग्रामीणों ने सहभागिता कर लोक संस्कृति और परंपराओं के प्रति अपनी गहरी आस्था एवं प्रतिबद्धता का परिचय दिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध लोकगायिकाओं दीपाली त्रिपाठी एवं विंध्यवासिनी पाठक की मनमोहक प्रस्तुतियां रहीं। दोनों कलाकारों ने अवधी एवं पूर्वांचल के लोकप्रिय लोकगीतों की ऐसी प्रस्तुति दी कि पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। लोकगीतों की धुन पर महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने भरपूर आनंद लिया और देर रात तक सांस्कृतिक कार्यक्रम का हिस्सा बने रहे।
इस अवसर पर समाज में उल्लेखनीय कार्य कर रही आत्मनिर्भर एवं प्रेरणादायी महिलाओं को सम्मानित किया गया। आयोजकों ने बताया कि इस सम्मान समारोह का उद्देश्य महिलाओं के आत्मविश्वास को बढ़ावा देना तथा समाज में उनकी सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करना है। सम्मान प्राप्त करने वाली महिलाओं ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रेरणादायक बताया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजसेवी डॉ. प्रेम त्रिपाठी तथा विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत सदस्य राजेश पटेल रहे। उन्होंने अपने संबोधन में लोक संस्कृति के संरक्षण और ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि लोकगीत और लोककलाएं हमारी सांस्कृतिक पहचान हैं, जिन्हें नई पीढ़ी तक पहुंचाना समय की मांग है।
कार्यक्रम में करुणेश मिश्रा, मोहम्मद शकील, रहमान, प्रेम प्रकाश चौधरी, दिलीप वर्मा, राम कृष्ण पटेल सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। वहीं अमरनाथ चौधरी, सुनील चौधरी और विनोद चौधरी ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
आयोजन को सफल बनाने में इन-काइंड स्पॉन्सर श्री कृष्णा इंटरप्राइजेज, सोनबरसा, कुसौरा बाजार का विशेष योगदान रहा। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, कलाकारों, सहयोगियों एवं ग्रामवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक चेतना और लोक विरासत के संरक्षण को नई मजबूती प्रदान करते हैं।
#बस्ती न्यूज़ टुडे












