लखनऊ। यूपी कांग्रेस की टीम ने रविवार को आये दिन पेपर लीक होने के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस के यूथ विंग, महिला मोर्चा और सेवा दल के पदाधिकारियों ने मशाल जुलूस निकाला। पार्टी कार्यालय से जुलूस शुरू हुआ। पुलिस ने बैरिकेडिंग करके उन्हें रोकने की कोशिश की। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और साफ तौर पर प्रधान के इस्तीफे की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बार-बार पेपर लीक और परीक्षा रद्द होने से छात्र मानसिक रूप से परेशान हो चुके हैं। हालांकि कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर पुलिस पहले से ही अलर्ट हो गई। कांग्रेस मुख्यालय के तीनों रास्तों पर बड़ी संख्या में लोकल पुलिस के अलावा पीएसी के जवान पहले से ही तैनात किए गए। कार्यकतार्ओं को रोकने के लिए ट्रिपल लेयर बैरिकेडिंग लगाई गई। प्रदर्शनकारी जैसे ही पार्टी मुख्यालय से निकले, पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों में नोकझोंक हुई।
कार्यकर्ता कांग्रेस मुख्यालय से निकालकर मुख्यमंत्री आवास की तरफ जाने की कोशिश कर रहे थे। प्रदर्शन कारियों की अगुवाईकर रहे पूर्व एमएलसी दीपक सिंह ने मीडिया से कहा कि पेपर लीक के खिलाफ हम लोग आज मशाल जुलूस निकल रहे हैं।
हम लोगों को बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया गया है। जिस तरह से महंगाई में पेट्रोल, डीजल और तमाम चीजों का शतक बन चुका है, इस तरह से अब पेपर लीक में यह सरकार शतक ना बनाएं, क्योंकि अब तक 90 बार पेपर लीक हो चुका है, जोकि सेंचुरी तक पहुंचाने के कगार पर है। तमाम व्यवस्थाओं के बाद भी यह सरकार पेपर लीक नहीं रोक पाती है। सरकार नौजवानों और विपक्ष को विरोध प्रदर्शन करने से रोकती है।












