HomeHealth & Fitnessसरकारी नियुक्तियों और बेरोजगारी भत्ते की मांग को लेकर संगठन ने उठाई...

सरकारी नियुक्तियों और बेरोजगारी भत्ते की मांग को लेकर संगठन ने उठाई आवाज

पश्चिम मेदिनीपुर। सरकारी रिक्त पदों पर स्थायी नियुक्ति, बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार की व्यवस्था, नौकरी मिलने तक बेरोजगारी भत्ता, नशे के खिलाफ कार्रवाई तथा उचित पुनर्वास के बिना हाकरों को हटाने के विरोध में युवा संगठन (एआईडीवाईवो) ने रविवार को पश्चिम मेदिनीपुर जिले के बेलदा में रैली और नुक्कड़ सभा का आयोजन किया।

रविवार देर शाम बेलदा के केशियाड़ी मोड़ से रैली शुरू हुई, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होकर ट्रैफिक स्टैंड पर समाप्त हुई। इसके बाद वहां एक सभा आयोजित की गई।

संगठन की ओर से बताया गया कि (एआईडीवाईवो) की स्थापना के 60 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 27 जून को कोलकाता में होने वाली अखिल भारतीय रैली को सफल बनाने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।

सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार एक ओर सरकारी रिक्त पदों पर नियुक्तियां नहीं कर रही है, वहीं दूसरी ओर जीविका चलाने के लिए सड़क किनारे व्यवसाय करने वाले हाकरों को बिना उचित व्यवस्था के हटाया जा रहा है। इससे अनेक परिवारों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।

संगठन ने मांग की कि हटाए गए हाकरों के लिए तत्काल उचित पुनर्वास की व्यवस्था की जाए। इसके साथ ही सभी सरकारी रिक्त पदों पर पारदर्शी तरीके से स्थायी नियुक्ति, बेरोजगार युवाओं को प्रति माह न्यूनतम 10 हजार रुपये बेरोजगारी भत्ता तथा रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराए जाएं।

कार्यक्रम में संगठन के राज्य सचिव मंडल के सदस्य अशोक माइती, सुशांत पाणिग्राही, जिला प्रभारी मनोरंजन मंडल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

 

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments