इटवा नगर पंचायत के वार्ड नंबर 2 अशोक नगर पेडारी में एक विशाल यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। इस अनुष्ठान के तहत बीते सोमवार को देर रात एक भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कलश यात्रा में पुरुष, महिलाएं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। श्रद्धालु पेडारी स्थित समय माता के स्थान से जल लेने के लिए परसोहन घाट गए। जल लेकर वापस लौटने के बाद देर रात समय माता के स्थान पर कलश स्थापित किए गए। आचार्य ओमप्रकाश पांडे ने बताया कि यह यज्ञ मलमास के अवसर पर आयोजित किया गया है। भक्तों द्वारा विधि-विधान से पूजा-पाठ कराया जा रहा है। श्रद्धालु अपनी श्रद्धा के अनुसार फूल, माला, धूप, दीप और अगरबत्ती अपने घरों से लाकर यज्ञ मंडप में पूजा-अर्चना कर रहे हैं। सर्वप्रथम गणेश पूजन, वेदी पूजन और नवग्रह पूजन जैसे अनुष्ठान विधि-विधान से संपन्न किए जा रहे हैं। मुख्य यजमान दशरथ यादव ने जानकारी दी कि यह यज्ञ समस्त ग्रामवासी, नगरवासी और क्षेत्रवासियों के सहयोग से विगत कई वर्षों से लगातार आयोजित होता आ रहा है। इस अवसर पर दीप नारायण त्रिपाठी, बाल विनोद त्रिपाठी, बरखा यादव, रामदेव गौतम, प्रेमलाल त्रिपाठी, कुंवर नाथ त्रिपाठी, मगरे यादव, राजमान मोरिया, अमित श्रीवास्तव, लक्ष्मण यादव, अजय चौधरी और समय माता के स्थान के पुजारी माधव प्रसाद मौर्य सहित समस्त ग्रामवासी और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
इटवा के पेडारी में विशाल यज्ञ का आयोजन:कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु परसोहन घाट पहुंचे
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












